भारतीय क्रिकेट टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के खिताब को अपने नाम कर लिया है. टीम के खिताब जीतने के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है. इसी बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने टीम इंडिया को शानदार जीत की बधाई दी है. राष्ट्रपति से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी.

पीएम मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, कांग्रेसी सांसद राहुल गांधी, समेत तमाम राजनीतिक दिग्गजों ने भारतीय टीम को जीत की बधाई दी. साथ ही पड़ोसी देश पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने एक वीडियो साझा कर टीम इंडिया को जीत की बधाई दी है.
राष्ट्रपति कार्यालय ने एक्स पर लिखा,’ ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीतने के लिए टीम इंडिया को बधाई. भारत तीन बार ट्रॉफी जीतने वाली एकमात्र टीम बन गई है. क्रिकेट इतिहास रचने के लिए खिलाड़ी, मैनेजमेंट और स्पोर्ट स्टाफ सबसे ज़्यादा प्रशंसा के पात्र हैं. मैं भारतीय क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूं.’
पीएम नरेंद्र मोदी ने भारतीय क्रिकेट टीम को चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम करने पर बधाई दी है. पीएम ने एक्स पर लिखा, ‘एक असाधारण खेल और एक असाधारण परिणाम! ICC चैंपियंस ट्रॉफी घर लाने के लिए हमारी क्रिकेट टीम पर गर्व है. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है. शानदार प्रदर्शन के लिए हमारी टीम को बधाई.’
