रायपुर। समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली अग्रणी संस्था लक्ष्य वेलफेयर फाउंडेशन को शकुंतला फाउंडेशन, छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित एक गरिमामय समारोह में “अविरल सेवा अवॉर्ड 2025” से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान संस्था द्वारा वर्षों से किए जा रहे समर्पित, सतत एवं विविध सामाजिक कार्यों की सराहना स्वरूप प्रदान किया गया, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, दिव्यांग सेवा, पर्यावरण जागरूकता, नशा मुक्ति, रक्तदान, वृद्धजनों की सेवा और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर शकुंतला फाउंडेशन की अध्यक्ष, आदरणीया श्रीमती स्मिता सिंह ने लक्ष्य वेलफेयर फाउंडेशन के कार्यों की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा:
“लक्ष्य वेलफेयर फाउंडेशन केवल एक संस्था नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की एक जीवंत धारा है।
इस संस्था ने जिस प्रतिबद्धता और सेवा-भाव के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया है, वह वास्तव में प्रशंसनीय और अनुकरणीय है।
खासकर शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सम्मान एवं समाजिक न्याय के क्षेत्र में इनकी भूमिका अत्यंत सशक्त और प्रेरणादायक रही है।
हम शकुंतला फाउंडेशन परिवार की ओर से गर्व के साथ इस संस्था को ‘अविरल सेवा अवॉर्ड 2025’ प्रदान करते हैं और इनके उज्जवल भविष्य की मंगलकामना करते हैं।”
सम्मान प्राप्त करते हुए लक्ष्य वेलफेयर फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष श्री संजीव यादव ने कहा
“यह सम्मान हमारी संस्था के उन सभी निःस्वार्थ स्वयंसेवकों को समर्पित है, जो बिना किसी अपेक्षा के समाज सेवा को अपने जीवन का लक्ष्य मानकर कार्य कर रहे हैं।
यह पुरस्कार केवल अतीत की पहचान नहीं, बल्कि भविष्य की जिम्मेदारी भी है। हम इसे और अधिक जोश और संकल्प के साथ निभाएंगे।”
समारोह में अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही, जिनमें समाजसेवी, शिक्षाविद, प्रशासनिक अधिकारी, युवा संगठनों के प्रतिनिधि तथा मीडिया से जुड़े लोग शामिल थे। सभी ने लक्ष्य वेलफेयर फाउंडेशन की सेवाओं की प्रशंसा करते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत बताया।
लक्ष्य वेलफेयर फाउंडेशन को “अविरल सेवा अवॉर्ड 2025” से सम्मान
श्रीमती स्मिता सिंह ने संस्था की सेवा यात्रा की सराहना की
श्री संजीव यादव ने इसे “समूहिक समर्पण और सेवा का सम्मान” बताया
समारोह में कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे

