बिलासपुर: सीपत NTPC प्लांट के यूनिट 5 में हादसा हो गया है. प्री AIR हीटर प्लेटफॉर्म मेंटेनेंस के दौरान टूटकर नीचे गिर गया. इस घटना में 5 मजदूर घायल हुए हैं. जिनमें से 1 मजदूर को सिम्स भेजा गया है. बाकी के चार मजदूरों का इलाज अपोलो अस्पताल बिलासपुर में चल रहा है. सिम्स भेजे गए मजदूर की मौत हो गई है.

एनटीपीसी एक्सीडेंट में मजदूर की मौत: सिम्स अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ लखन सिंह ने मजदूर की मौत की पुष्टि की. उन्होंने बताया “एनटीपीसी के सीएमओ ने अलर्ट किया था कि हमारे यहां कैज्वलिटी हुई है, कुछ घायल मजदूरों को अस्पताल भेज रहे हैं. बाद में जानकारी आई कि एक मरीज को सिम्स भेज रहे हैं, बाकी के घायलों को अपोलो भेजा जा रहा है. मजदूर को जब लाया गया तो उसकी मौत हो चुकी थी. अस्पताल में मौत की पुष्टि होने के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है.”
एनटीपीसी प्रबंधन ने घायलों का इलाज और मुआवजा के बारे में दी जानकारी: एनटीपीसी सीपत के जनसंपर्क अधिकारी प्रवीण रंजन भारती ने बताया “NTPC सीपत के यूनिट 5 में ओवरऑलिंग के दौरान दोपहर 12 साढ़े 12 बजे के बीज दुर्घटना हुई. जिनमें 5 मजदूर घायल हो गए. घायलों में 3 को एनटीपीसी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया है. एक घायल वर्कर श्याम कुमार साहू को सिम्स अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी मौत हो गई. मौत की आधिकारिक पुष्टि सिम्स अस्पताल प्रबंधन ने की है. घायल प्रताप सिंह को अपोलो अस्पताल रेफर किया गया है. उनके इलाज के लिए जो भी खर्चा होगा, एनटीपीसी सीपत वहन करेगा. विधिक रूप से जो भी मुआवजा है उसे आश्रितों को दिलाने एनटीपीसी सीपत प्रबंधन वचनबद्ध है.”
सीपत NTPC प्लांट के यूनिट 5 में एनुअल मेंटेनेंस का काम चल रहा था. इसी दौरान ये घटना हुई. पुलिस व प्रबंधन जांच पड़ताल में जुट गया है. सीपत के थाना प्रभारी गोपाल सत्पथी ने बताया कि यह घटना बिलासपुर से लगभग 25 किलोमीटर दूर सीपत गांव स्थित संयंत्र की यूनिट संख्या 5 में हुई. मजदूर प्री AIR हीटर प्लेटफॉर्म पर काम कर रहे थे, तभी यह ढांचा गिर गया. इस हादसे में श्याम साहू (27) की मौत हो गई है. जो सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी के रहने वाला है. चार अन्य घायल है. जिनका इलाज चल रहा है. थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर हैं.
