मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर: एमसीबी में रविवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया. जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा के जन प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. तिरंगा यात्रा का नेतृत्व प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल और भाजपा की जिला अध्यक्ष चंपादेवी पावले ने किया.

मनेंद्रगढ़ में कहां कहां से निकली तिरंगा यात्रा: तिरंगा यात्रा की शुरुआत मनेंद्रगढ़ के भगतसिंह तिराहा से की गई. इस यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए. यात्रा नगर के मुख्य चौक चौराहों से निकाली गई और जयस्तम्भ चौक में जाकर संपन्न हुई. यात्रा के अंत में शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई.
भाजपा की जिला अध्यक्ष चंपादेवी पावले ने कहा “तिरंगा यात्रा देश के मान सम्मान और गर्व की बात है. अब तक आपने देखा है कि सरकारी विभागों, संस्थाओं और भवनों में तिरंगा फहराया जाता था लेकिन पीएम मोदी के आह्वान पर तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है. पीएम मोदी का कहना है कि तिरंगा पर हर किसी का अधिकार है. तिरंगा हमारे देशवासियों की पहचान है. इसलिए हम सब अपने घरों में तिरंगा फहराए और ज्यादा से ज्यादा समाज को इस अभियान से जोड़े.”
“तिरंगा यात्रा स्वाभिमान का प्रतीक”: प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने तिरंगा यात्रा को लेकर कहा “तिरंगा यात्रा हम सभी के लिए स्वाभिमान का प्रतीक है. हम सभी के सम्मान का प्रतीक है. पूरे देश में तिरंगा यात्रा चल रही है. 15 अगस्त से पहले तिरंगा यात्रा विभिन्न शहरों, कस्बों और गांवों में चलेगी. मनेंद्रगढ़ में भी तिरंगा यात्रा भव्य रूप से निकली जा रही है जिसमें सभी शामिल हुए हैं.”
तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य: हर व्यक्ति के मान सम्मान और देश के सम्मान से जोड़कर तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है. भाजपा का दावा है कि तिरंगा यात्रा के जरिए लोगों में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना मजबूत होगी.
तिरंगा यात्रा 2025: “हर घर तिरंगा घर-घर तिरंगा यात्रा अभियान को भाजपा ने छत्तीसगढ़ में मोर तिरंगा मोर अभियान नाम दिया है. प्रदेश के हर जिले में 10 से 14 अगस्त तक अलग अलग मंडलों में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है. इसके बाद 13 से 15 अगस्त तक अलग अलग भवनों, प्रतिष्ठानों और घरों में तिरंगा फहराया जाएगा.
