रायपुर। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेश की प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू हो गई है। यह कार्यशाला प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शाम साढ़े 6 बजे तक 5 सत्रों में चलेगी। इस दौरान बूथ से लेकर मंडल, जिला, प्रदेश स्तर के पदाधिकारी मौजूद हैं। 476 मंडलों और 36 संगठन जिलों के अध्यक्षों के साथ नवनियुक्त पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

नवनियुक्त पदाधिकारी संगठन का कामकाज और संगठनात्मक रणनीति को समझेंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश टिप्स देंगे। साथ ही बीजेपी के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन भी कार्य करने के गुर सिखायेंगे। कार्यशाला में BJP प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, कई मंत्री, विधायक, सांसद मौजूद हैं।
भाजपा नेताओं ने सुनी मन की बात
भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा राष्ट्रीय महासचिव समेत कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। इस दौरान भाजपा राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, यशवंत जैन, डॉ. नवीन मार्कण्डेय, कैबिनेट मंत्री सांसद और विधायक मौजूद रहे।
