बेमेतरा: जिले के कृषि उपज मंडी परिसर में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. यहां रिटायर शिक्षकों का भी सम्मान किया गया. ऑडिटोरियम की घोषणा: शिक्षक दिवस समारोह कार्यक्रम में बेमेतरा जिलेवासियों की ओर से विधायक दीपेश साहू ने ऑडिटोरियम की मांग की. इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने महाविद्यालय परिसर के पास ऑडिटोरियम के लिए 3 करोड रुपए की राशि की स्वीकृति दी है.

और भी घोषणाएं: वहीं विधायक दीपेश साहू की मांग पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बेमेतरा शहर में 3 स्कूल के जीर्णोद्धार की घोषणा की. वार्ड नंबर 6 के शासकीय स्कूल, बेमेतरा शहर का पुराना कन्या शाला एवं शताब्दी वर्ष पूर्ण कर चुके बेसिक स्कूल में भवन निर्माण का ऐलान किया.
‘शिक्षक समाज के आदर्श’: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि शिक्षक हमारे समाज के आदर्श हैं. शिक्षक वो आधारशिला है जो समाज के युवाओं को दिशा देते हैं. इसीलिए समाज में सबसे ज्यादा इज्जत शिक्षकों की होती है.
40 साल से जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह होना अपने आप में अनुकरणीय पहल है, मैं बेमेतरा जिला के शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई देता हूं. साथ ही समारोह समिति को भी इस पहल के लिए बधाई देता हूं. समिति की मांग पर बेमेतरा जिला मुख्यालय में महाविद्यालय के पास 3 करोड़ की लागत से ऑडिटोरियम बनेगा जहां कार्यक्रम होते रहेंगे- अरुण साव, उप मुख्यमंत्री
छात्र-छात्राएं भी सम्मानित: जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के साथ ही प्रथम श्रेणी में पास होने वाले मेधावी स्कूली छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया है. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने की वहीं कार्यक्रम में बेमेतरा के विधायक दीपेश साहू कलेक्टर रणबीर शर्मा समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
