दुर्ग: छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन सत्र 2025-26 के तहत धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से की जाएगी. राज्य सरकार ने इस बार किसानों को समय पर भुगतान और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं. दुर्ग जिले में इस बार लगभग 4 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी किए जाने की संभावना है.

जिले में करीब 75 हजार पंजीकृत किसान: धान खरीदी की नीति को लेकर जल्द ही राज्य कैबिनेट की बैठक में धान उपार्जन नीति 2025-26 को मंजूरी दी जाएगी. इसके साथ ही एग्रीस्टेक और एकीकृत किसान पोर्टल पर किसानों का पंजीयन कार्य भी शुरू हो गया है. जिले में करीब 75 हजार किसान धान विक्रय के लिए पंजीकृत हैं. केवल पंजीकृत किसानों से ही न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाएगी.
धान खरीदी की पूर्व व्यवस्था को बरकरार रखा जाएगा. सरकार किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदेगी. साथ ही, प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी सीमा तय की गई है. सरकार किसानों से किए गए कमिटमेंट पर पूरी तरह खरा उतरेगी- रामविचार नेताम, कृषि मंत्री
मंत्री ने कहा कि, सरकार समय पर भुगतान सुनिश्चित करेगी. धान खरीदी की प्रक्रिया नवंबर से पूरे राज्य में एक साथ शुरू होगी. सभी सहकारी समितियों में खरीदी केंद्रों की व्यवस्था की जा रही है. सरकार का लक्ष्य है कि किसानों को बिना किसी परेशानी के धान विक्रय की सुविधा मिले और उन्हें उचित मूल्य प्राप्त हो सके.
