खैरागढ़: स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए जल्द ही जिला अस्पताल को हाईटेक सुविधाओं से लैस किया जाएगा. खैरागढ़ दौरे पर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसका ऐलान किया. जिला स्तरीय बाल मुधमेह के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मंत्री ने कहा, शासन की प्राथमिकता है कि सभी को आसानी से स्वास्थ्य सुविधाएं मिल पाएं. दूर दराज के गांवों से लेकर शहरों तक में स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत हो, इसके लिए हम काम कर रहे हैं.

अस्पताल होंगे सुविधाओं से लैस
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस मौके पर सिविल अस्पताल खैरागढ़ में 50 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य एमसीएच भवन की स्थापना की घोषणा की. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस नई व्यवस्था से गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों को जिले में ही बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी. जिससे उन्हें बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा. छोटे अस्पतालों से रेफर किए जाने की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा.
एम्बुलेंस और जांच सुविधाओं में होगा बड़ा इजाफा
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिले को 6 नई एम्बुलेंस और 1 विशेष एम्बुलेंस उपलब्ध कराया जा रहा है. इससे आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सोनोग्राफी मशीन और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक्सरे मशीन उपलब्ध कराई जाएंगी. जिससे जांच सुविधाओं के लिए मरीजों को जिला मुख्यालय या निजी जांच केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.
सीटी स्कैन सुविधा और 100 पदों पर भर्ती का ऐलान
स्वास्थ्य मंत्री ने शासन की भविष्य की योजनाओं का खुलासा करते हुए कहा, खैरागढ़ जिले में शीघ्र ही सीटी स्कैन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. साथ ही जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए डॉक्टरों नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के कुल 100 नए पदों पर भर्ती जल्द निकाली जाएगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नए जिला अस्पताल के निर्माण तक खैरागढ़ सिविल अस्पताल को जिला अस्पताल के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि जिले के नागरिकों को किसी भी स्तर पर इलाज में परेशानी न हो.
बाल मधुमेह कार्यशाला में दिया जागरूकता का संदेश
कार्यशाला को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों के लिए समय पर जांच नियमित इलाज और परिजनों की जागरूकता को बेहद जरूरी बताया. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार ऐसे बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधा और सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है. स्वास्थ्य मंत्री की इन घोषणाओं से जिले के नागरिकों, विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में नई उम्मीद जगी है. माना जा रहा है कि हेल्थ डिपार्टमेंट के इन फैसलों से खैरागढ़ जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में गुणात्मक सुधार आएगा, आम जनता को बड़ा लाभ मिलेगा.
