- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खेती किसानी में छत्तीसगढ़ राज्य की तारीफ की है.
रायपुर: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान छत्तीसगढ़ के दौरे पर रायपुर पहुंचे. रायपुर एयरपोर्ट पर बीजेपी नेताओं ने शिवराज सिंह चौहान का स्वागत किया. इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ की कृषि को लेकर कई अहम बातें कहीं. उन्होंने छत्तीसगढ़ को अव्वल कृषि प्रदेश बनाने की बात कही है.

कृषि में छत्तीसगढ़ को टॉप स्टेट बनाना लक्ष्य
शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ को कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में देश का टॉप स्टेट बनाना है.केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार साझा तौर पर कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कृषि सुधारों, ग्रामीण विकास योजनाओं और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयास सराहनीय है. केन्द्रीय कृषि मंत्री ने दुर्ग जिले में प्रगतिशील किसानों से मुलाकात की और उनके अनुभवों को साझा किया.
छत्तीसगढ़ के किसान अपनी मेहनत और उन्नत कृषि पद्धतियों से एक मिसाल पेश कर रहे हैं- शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि मंत्री, छत्तीसगढ़
वीबी जी राम जी से देश के गांव होंगे आत्मनिर्भर: शिवराज सिंह चौहान
विकसित भारत जी रामजी योजना के महत्व पर शिवराज सिंह चौहान ने बात की. उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत देश के गांवों को स्वावलम्बी, गरीबी मुक्त और रोजगार से लैस बनाया जाएगा. योजना के तहत मनरेगा की तर्ज पर रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 दिन किया गया है.
वीबी जी राम जी योजना को लेकर कांग्रेस केवल विरोध के लिए विरोध की मानसिकता से ग्रस्त है-शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि मंत्री, छत्तीसगढ़
बघेल सरकार में पीएम आवास योजना का था बुरा हाल
शिवराज सिंह चौहान ने इस दौरान छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की पिछली बघेल सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बघेल सरकार ने पीएम आवास योजना में कोताही बरती. मौजूदा साय सरकार ने 18 लाख आवासों के निर्माण में तेजी लाने का काम किया है. रविवार को प्रस्तुत होने जा रहे केन्द्र सरकार के आगामी बजट के बारे में शिवराज सिंह चौहान ने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा. यह बजट किसानों और आम जनता के लिए लाभकारी साबित होगा.
