सूरजपुर: प्रतापपुर वारणसी मार्ग पर उस समय हडकंप मच गया जब कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की कई बच्चियों ने सुबह सुबह सड़क घेर लिया और बीच सड़क पर बैठ गई. इसके बाद मौके पर चक्कजाम की स्थिति बन गई. आनन फानन में पुलिस प्रशासन को पहुंचना पड़ा. लेकिन छात्राएं नहीं मानी और कलेक्टर से मिलने की बात पर अड़ी रही.

छात्राओं का सड़क पर धरना प्रदर्शन
प्रतापपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास में उन्हें लंबे समय से खराब और बेस्वाद खाना परोसा जा रहा है. कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ, जिससे मजबूर होकर बच्चों को सड़क पर उतरना पड़ा. प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने छात्रावास अधीक्षिका पर भी आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि वे खाने की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाते हैं तो उन्हें अनदेखा किया जाता है और उनकी बात नहीं सुनी जाती. इसी से नाराज होकर बच्चों ने कलेक्टर से सीधे मिलने की मांग की ताकि वे अपनी समस्याएं उनके सामने रख सकें.
छात्राओं को समझाने में जुटा प्रशासन
आवासीय विद्यालय की छात्राओं की धरने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा. अधिकारी और कर्मचारी बच्चों को समझाने-बुझाने का प्रयास करने लगे. उन्हें भरोसा दिलाया जा रहा है कि उनकी शिकायतों की जांच की जाएगी.
