रायगढ़ : खरसिया क्षेत्र के मंगल कार्बन प्लांट में भीषण हादसा हुआ है. टायर गलाने का चैंबर फटने से 8 मजदूर गंभीर रुप से झुलस गए हैं.दुर्घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई. हादसे की जानकारी जैसे ही दूसरे मजदूरों को लगी सभी जान बचाकर भागने लगे.

जोरदार धमाके के साथ फटा चैंबर
धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास मौजूद मजदूरों ने आग और अत्यधिक गर्म गैसों की बौछार कर दी. थोड़ी देर बाद मौके पर मजदूर वापस लौटे और घायलों को बाहर निकालने का काम शुरु किया. सभी घायलों को जिला अस्पताल रायगढ़ में भर्ती किया गया, जहां उनका इलाज जारी है. कई श्रमिक 70 से 80 प्रतिशत तक झुलस गए हैं, इस वजह से उनकी हालत गंभीर हैं. चश्मदीदों के मुताबिक प्लांट में पुराने टायरों को रिसाइकिल करने के लिए एक बड़े चेंबर में डाला गया था.इसी दौरान दबाव अधिक होने से विस्फोट हो गया.
खरसिया क्षेत्र के मंगल कार्बन प्लांट में हादसे की सूचना मिली थी.पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है.साथ में श्रम अधिकारी और फॉरेंसिक टीम भी हादसे की वजह जानने की कोशिश कर रहे हैं. घायलों को जिंदल फोरटिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है.घायलों में 8 माह की बच्ची भी है. हालांकि तकनीकि टीम जांच के बाद ही बता सकेगी कि ब्लास्ट कैसे हुआ- अनिल सोनी, एएसपी
विधायक ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की
इस घटना को लेकर क्षेत्रीय विधायक उमेश नंद कुमार पटेल ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था, तो फैक्ट्री अब तक कैसे संचालित हो रही थी.उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जब तक सभी सुरक्षा गाइडलाइन पूरी तरह लागू न हों, तब तक फैक्ट्री को दोबारा चालू करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए.
