

रायगढ़। ओपी जिंदल समूह की चेयरपर्सन एमेरिटस श्रीमती सावित्री देवी जिंदल का जन्मदिन रायगढ़ में उत्साह, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिंदल फाउंडेशन द्वारा शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिंदल स्टील (Jindal Steel) संयंत्र परिसर में भी कई प्रेरणादायक गतिविधियां आयोजित की गईं। 20 मार्च को आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला की शुरुआत जिंदल आशा केंद्र (Jindal Asha Kendra) से हुई, जहां विशेष बच्चों ने हर्षोल्लास के साथ केक काटकर सावित्री देवी जिंदल का जन्मदिन मनाया।
इस अवसर पर जिंदल स्टील लिमिटेड के कार्यपालन निदेशक देबोज्योति रॉय ने श्रीमती जिंदल को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विशेष बच्चों को सम्मानित किया गया। साथ ही, ‘वर्ल्ड ओरल हेल्थ डे’ के अवसर पर फोर्टिस-ओपी जिंदल अस्पताल के विशेषज्ञों द्वारा बच्चों के लिए नि:शुल्क हेल्थ चेकअप शिविर लगाया गया।

मरीजों की सेवा और गौ-सेवा संकल्प
इसके अतिरिक्त, जिंदल फाउंडेशन रायगढ़ द्वारा जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज के समीप स्थित मातृ एवं शिशु अस्पताल में मरीजों को फल और बेडशीट्स वितरित की गईं। जिंदल स्टील के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट नीरज शर्मा एवं सीएसआर (CSR) टीम ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों की सेहत की जानकारी ली। चक्रधर गौशाला में गायों के लिए चारा, गुड़ एवं दाना प्रदान किया गया और गर्मी से राहत के लिए बड़े कूलर भी उपलब्ध कराए गए। जिला जेल में महिला बंदियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर और आशा प्रशामक गृह में दवाइयां भी वितरित की गईं।
मेधावी छात्राओं को ‘सावित्री देवी जिंदल छात्रवृत्ति’
शिक्षा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जिंदल फाउंडेशन द्वारा अंचल की मेधावी छात्राओं को सावित्री देवी जिंदल छात्रवृत्ति (Savitri Devi Jindal Scholarship) प्रदान की गई। प्रतिवर्ष संयंत्र के आसपास के गांवों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने हेतु ‘ओपी जिंदल’ एवं ‘सावित्री देवी जिंदल स्कॉलरशिप’ दी जाती है। इस वर्ष चयन परीक्षा में सफल रहीं 70 छात्राओं को जिंदल सेंटर में आयोजित समारोह में स्कॉलरशिप प्रदान की गई। इससे पूर्व समूह के चेयरमैन नवीन जिंदल के जन्मदिन पर 50 छात्रों को छात्रवृत्ति दी गई थी। इस प्रकार कुल 120 विद्यार्थियों को 17 लाख रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति वितरित की गई है।

एसएसडी पूंजीपथरा में भी आयोजित हुए कार्यक्रम
श्रीमती सावित्री देवी जिंदल के जन्मदिन के अवसर पर स्टील स्ट्रक्चरल डिवीजन (SSD पूंजीपथरा), पूंजीपथरा में भी विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। एसएसडी प्रमुख सुभाष जैन सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिंदल फाउंडेशन द्वारा पूंजीपथरा में तालाब की खुदाई, गहरीकरण एवं स्नान घाट निर्माण कार्य के लिए भूमिपूजन भी किया गया, जो क्षेत्रीय जल संरक्षण और सामुदायिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
