मन की बात के 132वें कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने किसानों को इससे प्रेरणा लेने की बात कही.
रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 132वें मन की बात कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले की जमकर तारीफ की. पीएम मोदी ने कहा कि कोरिया जिले के किसानों ने जिस तरह से जल संरक्षण को लेकर काम किया है उससे हमें प्रेरणा लेनी चाहिए. मन की बात कार्यक्रम सुनने के बाद सीएम विष्ण देव साय ने पीएम का आभार जताया.

‘आवा पानी झोंकी’ मॉडल की पीएम ने की तारीफ
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी ‘आवा पानी झोंकी’ मॉडल जमीनी स्तर पर नवाचार के लिए राष्ट्रीय मानक बन गया है. कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश भर के लोग “मन की बात” के हर एपिसोड का बेसब्री से इंतजार करते हैं, जिसमें भारत के विभिन्न हिस्सों से नवाचारों और सकारात्मक पहलों को दिखाया जाता है. सीएम साय ने कहा कि पीएम मोदी ने कोरिया जिले का जिक्र किया, जहां किसान ‘आवा पानी झोंकी’ नामक एक अभिनव मॉडल के माध्यम से जल संरक्षण कर रहे हैं, जिसके तहत वे अपने खेतों में वर्षा जल एकत्र करने के लिए रिचार्ज तालाब और सोखने वाले गड्ढे बना रहे हैं.
कोरिया के किसान बने प्रेरणास्रोत
सीएम ने बताया कि 1,200 से अधिक किसानों ने 2,000 से अधिक ऐसी संरचनाएं विकसित की हैं, जिससे क्षेत्र में भूजल स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जल संरक्षण एक जन आंदोलन बन गया है और छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह के प्रयास जनता की सक्रिय भागीदारी के साथ आगे बढ़ाए जा रहे हैं.

जरूरी सामान और खाद की नहीं कोई कमी: सीएम
पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बारे में बात करते हुए सीएम ने कहा कि देश किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को मुख्यमंत्रियों के साथ चर्चा की और शनिवार को उन्होंने स्वयं अधिकारियों और तेल कंपनियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की है. उन्होंने कहा, “राज्य में पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कोई कमी नहीं है. आपूर्ति सुचारू और सामान्य है. लोगों को अफवाहों पर विश्वास नहीं करना चाहिए और न ही घबराना चाहिए. सीएम ने जनता को आश्वासन दिया कि आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है.
