रायपुर: मलेशिया में चल रहे वर्ल्ड स्कूल म्यूथाई चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के बस्तर के खिलाड़ी ने बड़ा कमाल दिखाया है. बस्तर, जगदलपुर के रहने वाले युवराज सिंह राजपूत ने कांस्य पदक अपने नाम किया.राज्य म्यूथाई संघ के अध्यक्ष लखन कुमार साहू और महासचिव अनीस मेमन ने कहा, “बस्तर जगदलपुर के युवराज सिंह राजपूत ने प्रथम IFMA वर्ल्ड स्कूल चैंपियनशिप में 86 किलोग्राम वजन वर्ग में रशिया के आर्टेम ज़ेतुनियन के पंच से सिर में चोट लगने की वजह से “प्लेयर सेफ्टी” अन्तर्गत सेन्टर रेफ़री द्वारा मुकाबला रोकने के कारण सेमीफाइनल में युवराज को पराजय का सामना करना पड़ा. बावजूद इसके युवराज ने भारत के लिए दूसरा कांस्य पदक अर्जित किया.”

अभी तक वर्ल्ड स्कूल चैंपियनशिप में भारत को 1 रजत और 2 काँस्य पदक हासिल हुए है. जिसमे छत्तीसगढ़ के युवराज का एक कांस्य शामिल है. वहीं रायपुर की कु. समिधा अग्रवाल ने 45 किलोग्राम वजन वर्ग में तीन राउंड तक फिलीपींस की खिलाड़ी रिशा अल्थिया अमोगुइस से क्वार्टर फाइनल में संघर्षपूर्ण बेहतरीन मुकाबला किया, लेकिन अंकों के आधार पर हारकर कर पदक की दौड़ से बाहर हो गईं.
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक कमेटी (IOC) से मान्यता प्राप्त संस्था इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ म्यूथाई एसोसिएशन की भारत में मान्यता प्राप्त संस्था, यूनाइटेड म्यूथाई एसोसिएशन ऑफ इण्डिया अंतर्गत सीनियर महिला – पुरूष वर्ग की IFMA सीनियर वर्ल्ड म्यूथाई चैंपियनशिप और प्रथम IFMA वर्ल्ड स्कूल चैंपियनशिप मलेशिया के कुआलालंपुर में छत्तीसगढ़ से 2 महिला और 2 पुरुष म्यूथाई खिलाड़ी भाग ले रहे हैं.
वर्ल्ड म्यूथाई चैंपियनशिप का आयोजन 16 से 26 जून 2026 तक और वर्ल्ड स्कूल चैंपियनशिप का आयोजन 16 से 21 जून 2026 तक मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित हो रहा है. रायपुर से कु टिकेश्वरी साहू (कोच – खेल एवँ युवा कल्याण दंतेवाड़ा, और प्रवीण कृष्ण जायसवाल सीनियर वर्ग में अपने अपने वजन वर्ग के क्वार्टर फाइनल तक पहुंच गए है. म्यूथाई फेडरेशन UMAI के एथलीट कमीशन के चैयरमेन अमन यादव जो विवेकानंद मार्शल आर्ट्स एकेडमी रायपुर के संचालक और अंतरराष्ट्रीय म्यूथाई खिलाड़ी एवं कोच हैं, विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में मलेशिया में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. कु. समिधा, युवराज और अमन यादव 22 जून को भारत लौट आएंगे. जबकि कु. टिकेश्वरी और प्रवीण 27 जून को भारत लौटेंगे.
राज्य म्यूथाई संघ के अध्यक्ष और पदाधिकारियों ने युवराज सिंह राजपूत को देश को पदक दिलाने के लिए और कु. समिधा अग्रवाल को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बधाई दी है. वहीं कुं टिकेश्वरी साहू और प्रवीण कृष्ण जायसवाल को सीनियर वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए सभी ने शुभकामनाएं दी.
