
रायपुर। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के साथ रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा जी सम्मिलित हुए। इस अवसर पर वर्ष 1947 के विभाजन की त्रासदी में प्राण गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा विभाजन का दंश झेलने वाले परिवारों के संघर्ष, साहस और धैर्य को नमन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विभाजन केवल देश की सीमाओं का बंटवारा नहीं था, बल्कि यह लाखों लोगों के विस्थापन, अपनों से बिछड़ने और असहनीय मानवीय पीड़ा की त्रासदी थी। विभाजन की पीड़ा हमें यह संदेश देती है कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को अक्षुण्ण रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विभाजन के दौरान अपना घर, संपत्ति और जन्मभूमि छोड़ने को विवश हुए परिवारों ने कठिन परिस्थितियों में नए सिरे से जीवन की शुरुआत की। अपने परिश्रम, पुरुषार्थ और अदम्य साहस से उन्होंने स्वयं को पुनः स्थापित किया तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका संघर्ष और त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाने का उद्देश्य विभाजन की त्रासदी में प्राण गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देना, विस्थापित परिवारों के संघर्ष को सम्मान देना और नई पीढ़ी को इतिहास के इस अध्याय से परिचित कराना है। इतिहास की पीड़ा को स्मरण करने के साथ उससे सीख लेकर भविष्य में ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति न हो, यह संकल्प भी आवश्यक है।
समारोह के मुख्य वक्ता पद्मश्री डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने कहा कि समाज संगठित रहेगा तो राष्ट्र भी संगठित रहेगा। भारत की एकता और अखंडता की रक्षा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने विभाजन का दंश झेलने वाले परिवारों के त्याग, संघर्ष और पुरुषार्थ को इतिहास में उचित स्थान देने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर विभाजन की त्रासदी झेलने वाले विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों एवं उनके परिवारजनों ने अपनी स्मृतियां और अनुभव साझा किए। विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा जी ने भी विभाजन की पीड़ा को स्मरण करते हुए कहा कि यह दिवस हमें इतिहास से सीख लेकर सामाजिक समरसता, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
मौन जुलूस में भी मुख्यमंत्री श्री साय के साथ शामिल हुए विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर संचालनालय पुरातत्व स्थित मुक्ताकाशी मंच से अंबेडकर चौक तक आयोजित मौन जुलूस में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के साथ रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा जी भी शामिल हुए।
मौन जुलूस के माध्यम से विभाजन की त्रासदी में प्राण गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा विस्थापन का दंश झेलने वाले लाखों परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं विद्यार्थी इस मौन जुलूस में शामिल हुए।
इस अवसर पर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, श्रीमती लक्ष्मी वर्मा एवं श्री मोतीलाल साहू, रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अमरजीत छाबड़ा, संत युधिष्ठिर लाल जी, स्वामी शिवस्वरूपानंद जी, राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री पंकज कुमार झा, श्री यशवंत जैन, डॉ. नवीन मार्कण्डेय सहित जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विभाजन की पीड़ा से सीख लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प ही विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की सच्ची सार्थकता है।
