जगदलपुर। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर स्थित अमर शहीद वाटिका पहुंचकर कर्तव्य के दौरान प्राणों की आहुति देने वाले पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शहीदों के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके प्रति सम्मान व संवेदना व्यक्त की।
केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शांति कायम रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कठिन और विषम परिस्थितियों में भी जवान अपने कर्तव्यों से पीछे नहीं हटे। प्रदेश और समाज की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों की शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा। नक्शे देखें
वन मंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने से लेकर आम नागरिकों की सुरक्षा तक पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। कई जवानों ने इस कर्तव्य को निभाते हुए अपने प्राण तक न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि शहीद जवानों का साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा केवल पुलिस बल ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
शहीद परिवारों से मिले केदार कश्यप
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान मंत्री कश्यप ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि किसी परिवार के लिए अपने प्रियजन को खोने की पीड़ा की भरपाई संभव नहीं है। इसके बावजूद शहीदों के परिजनों का धैर्य और साहस समाज को प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृतियों को सहेजना और उनके परिवारों के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता बनाए रखना समाज और सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है। शहीद जवानों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित होकर कार्य किया जाए।








