
समाज के जरूरतमंद, आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित परिवारों को सहयोग प्रदान करने तथा सेवा को केवल एक आयोजन तक सीमित न रखकर निरंतर सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से लक्ष्य वेलफेयर फाउंडेशन सोसाइटी द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी कड़ी में आज ग्राम पंचायत तुलसी बाराडेरा में संस्था की कार्यकारिणी अध्यक्ष श्रीमती किरण सेन के नेतृत्व में अन्न धारा एवं वस्त्र धारा सेवा केंद्र की स्थापना कर विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ अन्नपूर्णा देवी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आराधना के साथ किया गया। इस अवसर पर जनपद सदस्य श्रीमती बरखा लोकेश साहू जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके करकमलों से एक छोटी कन्या द्वारा फीता कटवाकर सेवा केंद्र का शुभारंभ कराया गया। इस पहल के माध्यम से नई पीढ़ी में भी सेवा, संस्कार, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का सुंदर संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती बरखा लोकेश साहू जी ने अपने उद्बोधन में लक्ष्य वेलफेयर फाउंडेशन सोसाइटी की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक सराहनीय और प्रेरणादायक प्रयास बताया।
उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे इस पुनीत सेवा कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें तथा अपनी सामर्थ्य के अनुसार अन्न, वस्त्र एवं अन्य आवश्यक सामग्री का सहयोग प्रदान कर जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए आगे आएँ।
उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझनी चाहिए। जब जनप्रतिनिधि, सामाजिक संस्थाएँ और आम नागरिक एक साथ मिलकर सेवा के कार्य करते हैं, तब समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुँचाना आसान होता है। उन्होंने संस्था की कार्यकारिणी अध्यक्ष श्रीमती किरण सेन एवं उनकी पूरी टीम को इस जनहितकारी पहल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं और इस सेवा अभियान के निरंतर संचालन की कामना की।
लक्ष्य वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा प्रारंभ किए गए इन दोनों सेवा केंद्रों का मुख्य उद्देश्य समाज के उन परिवारों तक सहायता पहुँचाना है, जो आर्थिक कठिनाइयों एवं दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में संघर्ष कर रहे हैं।
अन्न धारा सेवा केंद्र के माध्यम से जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को चावल, गेहूँ, दाल, आटा, तेल, नमक सहित आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। संस्था का उद्देश्य है कि समाज का कोई भी जरूरतमंद परिवार भोजन जैसी मूलभूत आवश्यकता से वंचित न रहे। इस पहल में समाज के सक्षम नागरिकों, दानदाताओं एवं सहयोगियों की सहभागिता से सेवा कार्य को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
वस्त्र धारा सेवा केंद्र के माध्यम से ऐसे जरूरतमंद व्यक्तियों एवं परिवारों को उपयोग योग्य वस्त्र उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, जिन्हें आर्थिक अभाव के कारण अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति करने में कठिनाई होती है। संस्था का मानना है कि किसी जरूरतमंद की सहायता करते समय उसकी गरिमा और आत्मसम्मान का ध्यान रखना भी उतना ही आवश्यक है।
इस सेवा केंद्र की स्थापना में संस्था की कार्यकारिणी अध्यक्ष श्रीमती किरण सेन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व में क्षेत्र की महिलाओं ने स्वयं आगे आकर सेवा कार्यों की जिम्मेदारी उठाई।
इस अवसर पर सभी उपस्थित सदस्यों ने सामूहिक संकल्प लिया कि सेवा केंद्र को नियमित रूप से संचालित करने, जरूरतमंद परिवारों की पहचान करने, खाद्य सामग्री एवं वस्त्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस सेवा अभियान से जोड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में कंचन सपहा, उलसी सपहा, सेवती वर्मा, इंदु यादव, भारती धीवर, हीना देवांगन, संतोषी धीवर, हीरा धीवर, गीता धीवर, रूखमणि तोड़े, जानकी धीवर एवं भोज कुमारी साहू सहित अन्य सहयोगी सदस्य उपस्थित रहे।
लक्ष्य वेलफेयर फाउंडेशन सोसाइटी के संस्थापक एवं संचालक संजीव यादव की परिकल्पना है कि समाजसेवा केवल किसी एक व्यक्ति, संस्था या संगठन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है।
उनका मानना है कि जरूरतमंद व्यक्ति को सहायता के लिए भटकना न पड़े और समाज के सक्षम लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आएँ।
इसी विचारधारा के अनुरूप संस्था द्वारा विभिन्न सामाजिक, महिला सशक्तिकरण, जनजागरूकता एवं जनसेवा संबंधी गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। अन्न धारा एवं वस्त्र धारा सेवा केंद्र भी इसी व्यापक सामाजिक सोच का हिस्सा हैं।
संस्था का प्रयास है कि सेवा कार्यों को केवल एक दिवसीय कार्यक्रम या औपचारिक वितरण तक सीमित न रखा जाए, बल्कि स्थानीय स्तर पर ऐसे सेवा केंद्र विकसित किए जाएँ, जहाँ जरूरतमंदों को निरंतर सहयोग मिल सके और स्थानीय नागरिक भी सेवा व्यवस्था का हिस्सा बन सकें।
लक्ष्य वेलफेयर फाउंडेशन सोसाइटी ने समाज के सभी सक्षम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं दानदाताओं से अपील की है कि वे इस पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। घरों में उपलब्ध अतिरिक्त उपयोग योग्य वस्त्र, खाद्य सामग्री एवं अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग प्रदान कर इस अभियान को मजबूत बनाया जा सकता है।
ग्राम पंचायत तुलसी बाराडेरा में अन्न धारा एवं वस्त्र धारा सेवा केंद्र का शुभारंभ केवल एक सेवा केंद्र की स्थापना नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी, महिला नेतृत्व और मानवता के प्रति समर्पण की एक नई शुरुआत है।
संस्था का संकल्प है कि सेवा किसी एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि जीवनभर निभाई जाने वाली सामाजिक जिम्मेदारी बने।
कोई भूखा न रहे, कोई जरूरतमंद वस्त्र के अभाव में न रहे और प्रत्येक व्यक्ति सम्मान के साथ जीवन जी सके। इसी संकल्प के साथ लक्ष्य वेलफेयर फाउंडेशन सोसाइटी निरंतर जनसेवा के मार्ग पर अग्रसर है।








