बोनस में मिलते हैं 10 और 15 अंक


राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले प्रदेशभर के 2239 शालेय खिलाड़ियों को वर्ष 2023-24 में बोनस अंक प्रदान किया जाएगा। बोनस अंक का लाभ 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल खिलाडिय़ों को मिलेगा। इसमें स्काउट्स व गाइड्स के उत्कृष्ट छात्र-छात्राएं भी शामिल हैं। बोनस अंक की पात्रता रखने वाले छात्रों की लिस्ट स्कूल शिक्षण संचालनालय ने तैयार कर ली है। इसमें कुल 2239 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। खेल विभाग के 51 खिलाडिय़ों को ही बोनस अंक का पात्र माना गया है। वहीं, विद्या भारती राष्ट्रीय खेलकूद विभाग के 19 स्कूल खिलाड़ी शामिल हैं।
राज्य स्तर पर पदक प्राप्त करने वाले 10, 12वीं के छात्रों को 10 अंक और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने व सम्मानित वालों को 15 अंक बोनस के रूप में उनके बोर्ड मार्कशीट में जोड़े जाने का नियम है। इससे उन स्कूली खिलाड़ियों को विशेष फायदा मिलता है, जो खेल के कारण पढ़ाई मेें पिछड़ जाते हैं और उनको बोर्ड परीक्षा में किसी विषय में उत्तीर्ण होने पर दिक्कत होती है।
बोनस अंक के लिए रायपुर संभाग के 290 स्कूली खिलाड़ियों व स्काउट्स-गाइड्स को पात्र पाया गया है, जिसमें 10वीं के 114 और 12वीं के 176 छात्र शामिल हैं। दुर्ग संभाग के सबसे ज्यादा 388 को बोनस अंक दिया जाएगा, जिसमें 10वीं के 144 व 12वीं के 244 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। बिलासपुर संभाग के 328 छात्र बोनस अंक की पात्रता रखते हैं, जिसमें 10वीं के 118 व 12वीं के 210 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। बस्तर संभाग के 262 और सरगुजा संभाग के 155 छात्र-छात्राओं को बोनस अंक मिलेगा।
