7 अधिकारियों को नोटिस जारी


अंतरराज्यीय चेकपोस्ट में वसूली करने वाले महासमुंद के राज्य कर अधिकारी नंद कुमार कुर्रे को निलंबित कर दिया गया है। वहीं लापरवाही बरतने वाले 7 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसमें दो राज्य कर निरीक्षक, एक सहायक आयुक्त, दो सहायक आयुक्त और 2 कर्मचारी शामिल है। बताया जाता है कि सभी को लोकसभा चुनाव के दौरान चुनावी गिफ्ट की जांच करने और प्रशासनिक काम की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लेकिन, इसमें लापरवाही बरती जा रही थी। शिकायत मिलने पर जीएसटी आयुक्त रजत बंसल द्वारा उक्त सभी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। साथ ही निलंबन आदेश में लिखा गया है कि कार्य में लापरवाही और अनियमितता बरतने पर निलंबित किया जाता है।
लोकसभा चुनाव के दौरान ओडिशा के बॉर्डर पर वाहनों की जांच करने के लिए चेकपोस्ट बनाई गई है। यहां जांच के दौरान वसूली करने की शिकायत मिली थी। इसकी जांच करने के बाद निलंबन के आदेश जारी किए गए हैं। स्टेट जीएसटी आयुक्त द्वारा 18 और 19 अप्रैल को समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया था। इस दौरान लापरवाही बरतने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश संयुक्त आयुक्त को दिए गए थे।
