

मुंगेली में शत प्रतिशत मतदान का लक्ष्य पूरा करने के लिए ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर राहुल देव युद्धस्तर पर कार्यरत हैं। लगातार मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के द्वारा लोगों को मतदान करने के लिए अपील की जा रही है। इसी कड़ी में आज श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत संकल्प पत्र महाअभियान का आयोजन किया गया।
शिक्षा विभाग के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 5000 विद्यार्थी और शिक्षक मौजूद रहे और उनके द्वारा मानव श्रृंखला बना कर जागरूकता का संदेश दिया गया। शत प्रतिशत मतदान के उद्देश को लेकर ज़िले में संकल्प पत्र हस्ताक्षर का महाअभियान चलाया गया था जिसमे 1 लाख 6 हज़ार से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर करके गोल्डन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में मुँगेली का नाम सम्मिलित हुआ। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की छत्तीसगढ़ प्रमुख ने सर्टिफिकेट और मेडल कलेक्टर राहुल देव को प्रदान किया। इस कार्यक्रम में ज़िला प्रशासन पुलिस विभाग शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
