रायपुर, 29 जुलाई 2024। छत्तीसगढ़ स्टेट चेस एसोसिएशन के तत्वाधान में जिला शतरंज संघ मुंगेली द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट फिडे रेटेड ओपन अंडर 19 चेस चैंपियनशिप-2024 में शुभांकर बामलिया ने 9 मैचों में अजेय रहते हुए 7.5 पॉइंट्स अर्जित कर खिताब जीता। इस टूर्नामेंट में शुभांकर ने अपने रेटिंग में 20 पॉइंट्स का इजाफा कर अपनी रेटिंग को 1695 किया।

उन्होंने खिताबी मुकाबले में सफेद मोहरों से खेलते हुए बिलासपुर के अर्पित कुमार सिंह से ड्रॉ कर अपनी बढ़त को बरकरार रखते हुए खिताब अपने नाम किया। शुभांकर बामलिया वर्तमान में छत्तीसगढ़ के अंडर 17 स्टेट चैंपियन भी हैं। पाम बेलाजियो निवासी अनूप अग्रवाल एवं नीतू अग्रवाल के पुत्र शुभांकर बामलिया ने शतरंज की कोचिंग माइंड जिम में रवि और रोहित से ली है।
प्रदेश के डिप्टी सीएम अरुण साव ने शुभांकर बामलिया को खिताब प्रदान किया। इस मौके पर स्थानीय विधायक पुन्नूलाल मोहले भी उपस्थित रहे।
शुभांकर की इस उपलब्धि ने छत्तीसगढ़ के शतरंज प्रेमियों में नई उम्मीद जगाई है और वह राज्य के उभरते हुए शतरंज खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत बन गए हैं। उनकी इस जीत से प्रदेश में शतरंज खेल की लोकप्रियता और भी बढ़ेगी।
