- दलाल पर 13 लाख में बेच देने का आरोप, वीडियो जारी कर मांगी मदद
- मजदूरों में शामिल हैं बच्चे और महिलाएं
कसडोल। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के मजदूरों को बंधक बनाने का मामला सामने आया है। जिले के 16-18 मजदूरों को कर्नाटक ले जाकर उन्हें लाखों में बेच दिया गया। इन मजदूरों से दिनभर काम करवाया जाता है लेकिन उन्हें रोजी-रोटी नहीं दी जाती है। इस तरह से उनका शोषण किया जा रहा है। बंधक बनाए गए मजदूर तोरण बंजारे से मिली जानकारी के अनुसार, जिले के लगभग 16-18 मजदूरों को नागपुर का एक लेबर सरदार नागपुर में काम दिलाने के बहाने कर्नाटक ले गया। और सभी मजदूरों का 13 लाख रुपयों में सौदा कर दिया। सभी मजदूरों को जंगल और घर के बीच बंधक बनाकर रखा गया है। बंधक बनाए गए मजदूरों ने वीडियो भेजकर शासन, प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।

बंधक बनाए गए मजदूर तोरण बंजारे ने बताया कि, उन्हें कर्नाटक से करीब 200 किमी दूर किसी गांव में रखा गया है, जहां उनसे ट्रक में गन्ना भरवाया जाता है। दिन भर मजदूरी के बाद भी रोजी और खाने का सामान नहीं दिया जाता है। बताया जा रहा है कि, बंधक बनाए गए मजदूरों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। बंधक मजदूर लवन थाना क्षेत्र के खम्हारडीह और उसके अलावा घुल-घुल, गिंदोला के बताए जा रहे हैं।
