रायगढ़। खरसिया ब्लॉक के दो राशन दुकानों में गबन करने वाले संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। करीब 26.66 लाख का राशन गबन किया गया है। मामला खरसिया के भैनापारा और गीधा में संचालित पीडीएस दुकान का है। इसका संचालन जगदीश प्रसाद रौतिया कर रहा था। नवंबर में भैनापारा की जांच की गई तो पता चला कि 573 राशनकार्ड में से 477 को ऑनलाइन राशन जारी कर दिया गया। भौतिक सत्यापन में दुकान में सामग्री निरंक मिली जबकि बचत होनी चाहिए थी। दिसंबर में भी वितरण नहीं कराया गया। एसडीएम खरसिया के नोटिस पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसी प्रकार गीधा में भी पीडीएस दुकान संचालन में गड़बड़ी की शिकायत मिली। जांच की गई तो यहां भी सामग्री कम मिली। भैनापारा में 264.60 क्विं. चावल, 7.35 क्विं. शक्कर, 9.44 क्विं. नमक, 17.63 क्विं चना और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन कुल कीमत 11,81,398 रुपए का गबन किया गया है। इसी तरह गीधा में चावल 342.56 क्विं., शक्कर 9.47 क्विं., नमक 15.68 क्विं. और चना 16.81 क्विं चना कुल कीमत 14,88,189 रुपए का गबन किया गया है। संचालक और विक्रेता जगदीश प्रसाद रौतिया के विरुद्ध धारा 409 भादंवि के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

