भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को सात विकेट से हराया। इस मैच में अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती के बाद सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। भारत ने इस तरह तीन मैचों की सीरीज 1-0 की बढ़त बना ली है।गेंदबाजों के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से भारतीय टीम ने ग्वालियर में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में बांग्लादेश को सात विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 127 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने 11.5 ओवर में तीन विकेट पर 132 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। भारत के लिए सबसे ज्यादा रन हार्दिक ने बनाए जो 16 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 39 रन बनाकर नाबाद रहे।

हार्दिक के अलावा कप्तान सूर्यकुमार ने भी आक्रामक बल्लेबाजी की और 14 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 29 रन बनाए। अपना पहला मैच खेलने वाले नीतीश रेड्डी भी 15 गेंदों पर 16 रन बनाकर नाबाद लौटे। बांग्लादेश के लिए मुस्तफिजुर रहमान और मेहदी हसन मिराज ने एक-एक विकेट झटके।
