पुलिस की समझाइश के बाद भी नहीं चेत रहे व्यापारी
कांकेर: नगर के संबलपुर रोड ओवरब्रिज के पास पिछले कई सालों से कबाड़ का अवैध कारोबार खुलेआम चल रहा है। यहां पर कबाड़ी सामान की खरीदी-बिक्री धड़ल्ले से की जा रही है। पुलिस प्रशासन की समझाइश के बावजूद यह अवैध कारोबार जारी है। व्यापारी केवल एक स्टॉक रजिस्टर का सहारा लेकर बिना टैक्स दिए लाखों रुपए की आमदनी कर रहे हैं।
इन व्यापारियों के पास इस कारोबार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं हैं। अधिकांश कबाड़ चोरी का सामान होता है। इसे खुलेआम खरीदा-बेचा जाता है। कुछ समय पहले ही कबाड़ी व्यापारियों को चोरी के सामान खरीदते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। इसके बावजूद चोरी का माल आसानी से बिकने के कारण चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं।
यह कारोबार छोटे व्यापारियों से लेकर बड़े स्तर तक फैल चुका है। इनमें से अधिकांश व्यापारियों का काम रायपुर, भिलाई, दुर्ग और राजनांदगांव जैसे बड़े शहरों में होता है। पुलिस और प्रशासन का इस पर कोई नियंत्रण नहीं है। इससे इनका मनोबल और बढ़ गया है।
अवैध रूप से चल रही कबाड़ की दुकानें
संबलपुर रोड पर कई कबाड़ी दुकानें अवैध रूप से चल रही हैं। इनके पास न तो कोई लाइसेंस है। न ही जीएसटी नंबर। इन दुकानों में साइकिल, बाइक और अन्य चोरी के सामानों की खरीद-बिक्री होने की खबर है। यहां तक कि कबाड़ी सामान की खरीदी-बिक्री में छोटे-मोटे व्यापारी भी सक्रिय हो गए हैं। इनमें अधिकतर किशोर और नशे की लत से ग्रस्त लोग शामिल हैं। पुलिस द्वारा बार-बार समझाइश देने के बावजूद व्यापारियों ने काम बंद नहीं किया है।

