रायगढ़। जिले के उरबा गांव के किसान के बेटे ऋषि कुमार सारथी ने अपनी अथक मेहनत और समर्पण से भारतीय बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में ‘मिस्टर इण्डिया’ का खिताब जीतकर न सिर्फ अपने सपनों को साकार किया, बल्कि अपने गांव और पूरे रायगढ़ का नाम भी गर्व से रोशन किया। बीते 12 जनवरी को पटना, बिहार में आयोजित इस प्रतियोगिता में ऋषि ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए यह खिताब हासिल किया। ऋषि कुमार के पिता मोहनलाल सारथी एक साधारण किसान हैं, और उनकी माता रामलीला सारथी ने हमेशा उनका उत्साह बढ़ाया। ऋषि की यात्रा किसी प्रेरणा से कम नहीं है।

2020 में पेट की नाली का बड़ा ऑपरेशन कराते समय वह काफी कमजोर हो गए थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। 2021 में जिम जॉइन कर अपनी फिटनेस पर काम करना शुरू किया और धीरे-धीरे बॉडीबिल्डिंग और पावरलिफ्टिंग में अपनी जगह बनाई। ऋषि ने 2022 में बिलासपुर में पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में दो गोल्ड मेडल जीते, और 2023 में मिस्टर छत्तीसगढ़ बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक हासिल किया।
कलेक्टर कार्तिकेय गोयल ने ऋषि को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और कहा, “ऐसे ही मेहनत करते रहिए, हम आपके साथ हैं।” ऋषि ने अपनी जीत का श्रेय अपने माता-पिता, कोच आतिफ, दोस्तों और सभी समर्थकों को दिया। उनका मानना है कि उनकी सफलता उनके परिवार की आशीर्वाद, सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयासों का नतीजा है।
