राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण के साथ ही बजट सत्र 2023 की शुरुआत हो गई। अब 1 फरवरी को देश का आम बजट पेश किया जाएगा। यह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का पहला बजट अभिभाषण था। देश की प्रथम नागरिक के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। पढ़िए अभिभाषण की बड़ी बातें

अमृतकाल का यह 25 वर्ष का कालखंड, स्वतन्त्रता की स्वर्णिम शताब्दी का, और विकसित भारत के निर्माण का कालखंड है। ये 25 वर्ष हम सबके लिए और देश के प्रत्येक नागरिक के लिए कर्तव्यों की पराकाष्ठा करके दिखाने के हैं।
मेरी सरकार के लगभग नौ वर्षों में भारत के लोगों ने अनेक सकारात्मक परिवर्तन पहली बार देखे हैं। सबसे बड़ा परिवर्तन यह हुआ है कि आज हर भारतीय का आत्मविश्वास शीर्ष पर है और दुनिया का भारत को देखने का नज़रिया बदला है।
भगवान बसवेश्वर ने कहा था – कायकवे कैलास। अर्थात् कर्म ही पूजा है, कर्म में ही शिव हैं। उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए मेरी सरकार राष्ट्र निर्माण के कर्तव्य को पूरा करने में तत्परता से जुटी है।
