रायपुर. छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव 2025 के लिए कांग्रेस ने देर रात नगर निगम, नगर पालिका और पंचायत पद के उम्मीदवार की घोषणा की. इससे पहले राजीव भवन में कांग्रेस के नाराज कार्यकर्ताओं ने पार्टी पर टिकट खरीदी बिक्री का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. जिससे प्रदेश की सियासत गर्मा गई है. इस मामले को लेकर वनमंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है. वहीं पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भी पलटवार किया है. मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस में टिकटों की खरीदी बिक्री चरम पर है. कांग्रेस के नेता ही कांग्रेस के नेतृत्व पर यह आरोप लगाते आए हैं. कांग्रेस में जो प्रत्याशी अपनी टिकट को पैसे से खरीदता है. वह जनप्रतिनिधि बनकर पैसा जनता से वसूल करता है.
उन्होंने कहा कि अब तक का कांग्रेस का इतिहास रहा है कि जब वह संगठन में रहते हैं तो टिकटों की खरीदी बिक्री करके पैसों की लूट करते हैं और जब सत्ता में रहते हैं तो गरीब जनता को नोच कर, भ्रष्टाचार के माध्यम से पैसा अर्जित करते हैं. कुल मिलाकर कांग्रेस का एजेंडा केवल लूट है. अतः जनता को सावधान रहना चाहिए कि कोई भी कांग्रेस का प्रत्याशी चुनकर आएगा तो वह केवल भ्रष्टाचार ही करेगा.








