जगदलपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने इस साल के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में बस्तर संभाग की सभी 12 सीटें जीतने का दावा किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की शनिवार को यहां होने वाली जनसभा से पहले शुक्रवार को सभास्थल लालबाग मैदान में पत्रकार वार्ता लेकर साव ने कहा कि भाजपा की आंधी में कांग्रेस उड़ जाएगी। दुनिया में सर्वाधिक कार्यकर्ता संख्या वाली राजनीतिक पार्टी भाजपा अपने कर्मठ कार्यकर्ताओं के बल पर विधानसभा और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में बस्तर में प्रचंड जीत दर्ज करेगी। पूर्ण बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को यहां मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के कामोें के बल पर भाजपा चुनाव मैदान में उतरेगी। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ को मतांतरण का गढ़ बना दिया है। भ्रष्टाचार चरम पर है। 15 साल प्रदेश में भाजपा की सरकार थी जिसने प्रदेश को विकास के क्षेत्र में नई उंचाईयां दी। बस्तर में मेडिकल कालेज, विश्वविद्यालय सहित कई बड़ी सौगात भाजपा की सरकार ने दी हैं, कांग्रेस की सरकार ने विकास के क्षेत्र में चार साल में क्या दिया? मतांतरण और समाज को लड़ाने का काम ही किया जा रहा है। विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन के सवाल पर उन्होंने कहा कि समय आने पर पार्टी का संसदीय बोर्ड प्रत्याशी तय करेगा।
कांग्रेस ने भूखमरी दी, भाजपा ने उबारा
अरुण साव ने कहा कि अविभाजित मध्यप्रदेश के समय लंबे समय तक राज्य और केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी लेकिन कभी बस्तर की गरीब जनता के कल्याण पर ध्यान नहीं दिया। कांग्रेस ने बस्तर को भुखमरी ही दी। छत्तीसगढ़ बनने के बाद 15 साल के कार्यकाल में भाजपा की सरकार ने भूखमरी से बस्तर को उबारा और विकास को गति देकर काफी आगे लाकर खड़ा कर दिया था। कांग्रेस की वर्तमान सरकार ने चार साल के कार्यकाल में ही प्रदेश में अराजकता ला दी है और बस्तर को विकास में पीछे ढ़केलने का काम किया है।
