“संवेदनशीलता, संकल्प और समाज सेवा को समर्पित एक प्रेरक आयोजन”
रायपुर. छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता को नई दिशा देने, पत्रकारों की आवाज़ को मजबूती देने और समाज के प्रति अपनी जवाबदेही को सार्थक रूप में निभाने हेतु पत्रकार महासंघ, छत्तीसगढ़ की स्थापना एक ऐतिहासिक पहल रही है। विगत तीन वर्षों में यह संगठन पत्रकार हित, सामाजिक सरोकार, पारदर्शिता और जन-जागरूकता के पथ पर अग्रसर रहा है।

इसी क्रम में महासंघ के तीसरे स्थापना दिवस पर “सामाजिक समरसता एवं पत्रकार परिवार सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया — एक ऐसा मंच, जहां पत्रकारिता और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित कर उनकी सेवाओं का अभिनंदन किया गया।
इस विशेष अवसर पर लक्ष्य वेलफेयर फाउंडेशन को समाज सेवा के क्षेत्र में उसकी निस्वार्थ, सतत् एवं प्रभावशाली सेवाओं के लिए विशेष सम्मान से नवाज़ा गया।
संस्था द्वारा स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला जागरूकता, शिक्षा, बाल संरक्षण एवं ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में किये जा रहे कार्यों को समाज के लिए अनुकरणीय बताया गया।
इसके अतिरिक्त, संस्था की लगभग 40 समर्पित, ऊर्जावान और प्रेरणास्रोत महिला सदस्यों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने नारी सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और परिवर्तन की दिशा में सराहनीय योगदान दिया है।
यह सम्मान समारोह न केवल एक संस्था या व्यक्तियों के योगदान को मान्यता देने का माध्यम रहा, बल्कि यह समाज को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने वाला एक उत्सव बनकर उभरा।
पत्रकार महासंघ, छत्तीसगढ़ ने यह स्पष्ट कर दिया कि जब पत्रकारिता और जनसेवा मिलकर कार्य करते हैं, तो समाज में बदलाव केवल एक सपना नहीं बल्कि एक सशक्त सच्चाई बन जाता है।

