बिलासपुर। वन क्षेत्र में गश्त के दौरान बेलगहना पश्चिम क्षेत्र के ग्राम बहेरामुड़ा में ट्रैक्टर से सागौन का परिवहन करते चालक को पकड़ा है। आरोपित के खिलाफ विभाग ने वन अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। घटना सोमवार की रात की है। होली पर्व के मद्देनजर वन विभाग की टीम रात्रिकालीन गश्त कर रही है। इसके लिए हर रेंज में विशेष टीम भी बनाई गई है। जांच के दौरान ही वनकर्मियों को बहेरामुड़ा में एक ट्रैक्टर नजर आया। इस बार चालक को ट्रैक्टर रोकने के लिए कहा गया। लेकिन, वह ट्रैक्टर रोकने के बजाय भागने का प्रयास करने लगा। इस पर वन अमले ने घेराबंदी कर ट्रैक्टर समेत चालक को पकड़ा। इसके बाद जब जांच की गई तो ट्राली के अंदर से 18 नग सागौन के सिलपट बरामद हुए। इस पर चालक को पकड़कर वन विभाग की टीम कार्यालय पहुंची जहां पूछताछ करने पर उसने अपना नाम लोकनाथ जगत निवासी बरभाठा थाना कोटा बताया। पूछताछ में यह बात भी सामने आई कि यह ट्रैक्टर किसी चंदन गुरनाम के ग्रामीण का है। आरोपित ट्रैक्टर चालक के खिलाफ वन विभाग की टीम ने भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 41 एवं छत्तीसगढ़ वनोपज अधिनियम 1969 की धारा 5 (क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। वहीं जब्त ट्रैक्टर ट्राली क्रमांक सीजी 10 एडब्ल्यू 5412 व ट्रैक्टर इंजन क्रमांक सीजी 10 बीएफ 4765 को राजसात करने की प्रकिया शुरू कर दी गई है। सागौन सिलपट का अनुमानित मूल्य 57 हजार रुपये आंकी गई है।

आज रात भी होगी विशेष जांच
जंगल की सुरक्षा के मद्देनजर वन विभाग की टीम मंगलवार की रात में भी विशेष सर्चिंग करेगी। इसके लिए सभी मैदानी अमले को सख्त निर्देश दिया गया है।
