बिलासपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विधानसभा क्षेत्रों में औचक निरीक्षण और भेंट मुलाकात के बाद भी ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान मौके पर नहीं हो रहा है। ब्लाक स्तर के अधिकारी सीएम के निर्देशों की खुलकर धज्जियां उड़ा रहे हैं। तभी तो त्योहार के दिन भी ग्रामीण कामधंधा छोड़कर कलेक्टोरेट पहुंचे व अपनी समस्याओं के समाधान के लिए गुहार लगाई।

भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री बघेल ने ब्लाक स्तर के अधिकारियों से ग्रामीणों के समस्याओं का मौके पर ही समाधान का निर्देश दिया था। समस्याओं के समाधान ना होने पर सीधी कार्रवाई की हिदायत भी दी थी। कलेक्टोरेट में प्रति मंगलवार को होने वाली जनदर्शन में लोगों की भीड़ कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। दूरदराज से ग्रामीण हर मंगलवार को कलेक्टोरेट पहुंच रहे हैं और अपनी समस्या के समाधान के लिए कभी कलेक्टर तो कभी एडिशनल कलेक्टर के समक्ष गुहार लगा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर जिन समस्याओं का निराकरण किया जाना चाहिए वह भी काम पूरा नहीं हो पा रहा है। ग्रामीण निस्तारी की समस्या से परेशान हैं तो कहीं के ग्रामीणों को पेयजल की सुविधा नहीं मिल पा रही है। कुछ जगह सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत है। यह सभी समस्याएं स्थानीय स्तर पर स्थानीय प्रशासन द्वारा हल किया जाना चाहिए। समस्याओं का समाधान ना होने के कारण ग्रामीणों को मजबूरी में ही सही अपना समय और धन खर्च कर कलेक्टोरेट आना पड़ रहा है। मंगलवार को जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए आम जनता की समस्याएं सुनी। कुछ आवेदन का त्वरित निदान किया गया। वहीं कुछ आवेदनों को टीएल में पंजी करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। राशन कार्ड के लिए प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए तुरंत राशन कार्ड बनाए गए। जनदर्शन में तकरीबन 23 आवेदन प्राप्त हुए।
साईं नगर निवासी जयराम बंजारा वैष्णवी विहार में पानी निकासी बंद होने की समस्या से परेशान है। निकासी का समुचित साधन ना होने के कारण जल जमाव हो रहा है। इसके अलावा मच्छर भी पनपने लगा है। जल निकासी की समस्या दूर करने की मांग को लेकर कलेक्टर से गुहार लगाई है। मंगला निवासी बिलासा सोनी ने अपनी पेंशन राशि नहीं मिलने के संबंध में आवेदन दिया। कलेक्टर ने मामले को टीएल में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
केस-टू
मस्तूरी निवासी छतलाल सावले ने अपने मोहल्ले में हो रही पेयजल की समस्या को दूर करने की गुहार कलेक्टर से लगाई। इस मामले को कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत मस्तूरी को सौंपा। मस्तूरी ब्लाक के राजीव युवा मितान क्लब के युवाओं द्वारा खेल स्टेडियम का अभाव होने की जानकारी देते हुए खेल स्टेडियम निर्माण की मांग की। इस पर कलेक्टर ने मामले को सीईओ जनपद पंचायत मस्तूरी को सौंपा। ग्राम गुमा के श्रीकांत गुप्ता ने सामुदायिक भवन निर्माण की मांग की। इस पर कलेक्टर ने आवेदन को टीएल में लेते हुए सीईओ जनपद पंचायत बिल्हा को कार्यवाही के निर्देश दिए।
