सरगुजा : अंंबिकापुर जिले में खेल सुविधाएं बढ़ने से उसे परिणाम भी देखने को मिल रहे हैं. भारत देश के खिलाड़ियों की फौज में सरगुजा क्षेत्र के खिलाड़ियों का भी अब नाम आने लगा है. पिछड़ेपन के लिए चर्चित सरगुजा में खिलाड़ियों की लिस्ट में सबसे ज्यादा संख्या लड़कियों की है.जो लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और सरगुजा का नाम रोशन कर रही हैं. एक बार फिर सरगुजा की दो बेटियों का चयन छत्तीसगढ़ राज्य की टीम में हुआ है ये टीम इंडिया लेबल पर प्रदर्शन करेगी.

आर्थिक स्थिति कमजोर लेकिन हौसले बुलंद
अंबिकापुर की रहने वाली अनामिका चौबे और जशपुर की रहने वाली इलीसीबा तिर्की का चयन बॉस्केटबाल की नेशनल टीम में हुआ है. इलीसीबा तिर्की एक गरीब आदिवासी परिवार से आती हैं. उनके पिता राज मिस्त्री का काम करते हैं. आर्थिक स्थिति ठीक तो नहीं है फिर भी पिता पढ़ाई और अंबिकापुर में रहने का खर्च उठाते हैं.जबकि इलीसीबा का खेल निखारने में कोच राजेश सिंह मदद करते हैं. इलीसीबा और अनामिका चौबे दोनों ही अपने पहले नेशनल में गोल्ड और दूसरे नेशनल में ब्रॉन्ज मेडल पा चुकी हैं. अब एक बार फिर अपने राज्य के लिए प्रदर्शन करने को तैयार हैं.
बॉस्केटबॉल राष्ट्रीय टीम में हुआ चयन (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
सरगुजा के खिलाड़ियों का ऑल इंडिया स्तर पर चयन होना बेहद गर्व की बात है. यह उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है. आने वाले समय में यहां के खिलाड़ी और भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे- राजेश प्रताप सिंह,राष्ट्रीय कोच
जिला बास्केटबॉल संघ से दो खिलाड़ियों का चयन छत्तीसगढ़ राज्य टीम में हुआ है.चयनित खिलाड़ियों में इलीसीबा तिर्की और अनामिका चौबे शामिल हैं, जो आगामी ऑल इंडिया ओपन बास्केटबॉल टूर्नामेंट 2026 बनारस में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी. यह टूर्नामेंट देशभर के श्रेष्ठ खिलाड़ियों को एक मंच प्रदान करता है, जिसमें सरगुजा के खिलाड़ियों को मौका मिलना जिले के खेल विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
