रायपुर. स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि विधायी मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने आज दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 48 में स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं सुनीं। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री यादव ने सड़क, पेयजल पाइपलाइन, पॉवर पंप सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और सुधार कार्यों का जायजा लिया। मौके पर मौजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता और तेजी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस दौरान वार्ड पार्षद श्रीमती लोकेश्वरी ठाकुर एवं क्षेत्रवासियों के साथ मंत्री श्री यादव ने वार्ड का निरीक्षण किया।


मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन, विकास और जनसेवा की भावना के साथ अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर विकास कार्यों को गति देना है, ताकि प्रत्येक नागरिक को बेहतर आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।
