नवगठित शिवनंदनपुर नगर पंचायत में बड़ा उलटफेर हुआ है. उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है. कांग्रेस प्रत्याशी अंशुल गोयल ने भाजपा प्रत्याशी प्रशांत अग्रवाल को रोमांचक मुकाबले में एक वोट के अंतर से पराजित कर दिया.

उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में कुल 15 मत पड़े, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी अंशुल गोयल को 8 वोट प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी प्रशांत अग्रवाल को 7 वोट मिले. जबकि भाजपा के उपाध्यक्ष प्रत्याशी प्रशांत अग्रवाल का वोट रिजेक्ट होना बताया जा रहा है. इस तरह अंशुल गोयल ने एक वोट से बाजी मारते हुए नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की.
चुनाव परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई. कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नगर पंचायत परिसर के बाहर मिठाई बांटकर एवं आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया. पार्टी नेताओं ने इसे संगठन की एकजुटता और विकास की राजनीति की जीत बताया. उपाध्यक्ष पद का चुनाव पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा और अंतिम परिणाम ने सभी को रोमांचित कर दिया. महज एक वोट ने जीत और हार का फैसला किया. भाजपा प्रत्याशी प्रशांत अग्रवाल ने भी कांग्रेस प्रत्याशी को कड़ी टक्कर दी, लेकिन आखिरकार उन्हें एक वोट से हार का सामना करना पड़ा.
शिवनंदनपुर नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ. इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अंशुल गोयल ने एक वोट से जीत दर्ज की है. उन्हें आठ वोट मिले जबकि बीजेपी प्रत्याशी प्रशांत अग्रवाल को 7 वोट मिले-शिवानी जायसवाल, एसडीएम,सूरजपुर
जीत के बाद नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष अंशुल गोयल ने सभी पार्षदों और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे नगर पंचायत के विकास, जनहित और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए सभी को साथ लेकर कार्य करेंगे. इस जीत के साथ ही शिवनंदनपुर नगर पंचायत की राजनीति में कांग्रेस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है. जीत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है.
