जगदलपुर: इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त उपाध्यक्ष शरद अवस्थी ने जगदलपुर के टाउन हॉल में आयोजित समारोह में पद की शपथ ली. इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी व बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे. उपाध्यक्ष शरद अवस्थी ने कहा कि इंद्रावती नदी केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि बस्तर की संस्कृति, कृषि और जनजीवन की आधारशिला है. राज्य सरकार इंद्रावती नदी के घटते जलस्तर और इसके संरक्षण को लेकर गंभीर है और नदी के पुनर्जीवन के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है.

शरद अवस्थी ने कहा कि इंद्रावती नदी के विभिन्न तटीय क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की लागत से बैराजों का निर्माण कराया जा रहा है. जिससे नदी में जल संरक्षण बढ़ेगा और किसानों को साल भर सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा.
शरद अवस्थी ने बताया कि प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य इंद्रावती बेसिन क्षेत्र के जल संसाधनों का संरक्षण, नदी के प्राकृतिक प्रवाह को बनाए रखना, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करना और नदी से जुड़े पर्यावरणीय और विकासात्मक कार्यों को गति देना है.
शरद अवस्थी ने कहा कि वे जल्द ही ओडिशा-बस्तर सीमा पर स्थित इंद्रावती नदी के जोरा नाला स्ट्रक्चर का निरीक्षण करेंगे और विशेषज्ञों के साथ ही स्थानीय लोगों से चर्चा कर नदी के संरक्षण और विकास के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे.
इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने विश्वास जताया कि सरकार, प्रशासन और स्थानीय समुदायों के सहयोग से इंद्रावती नदी के पुनर्जीवन और संरक्षण की दिशा में प्रभावी कार्य किए जाएंगे. जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए इस महत्वपूर्ण जलस्रोत को सुरक्षित रखा जा सके.
