एनटीपीसी लारा से फ्लाईऐस लेकर निकलने वाले वाहनों को लेकर आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। इस बात को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है। इसमें स्पष्ट आरोप लगाया कि वाहनें ओवर लोड फ्लाईऐस लेकर निकल रही है, जो पूरे एनएच पर जगह-जगह गिर रहा है। इससे हादसे की आशंका बनी हुई है। इस पर रोक लगाने की मांग की गई है।कलेक्टर के नाम सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने उल्लेख किया है कि एनटीपीसी लारा से जो वाहनें फ्लाईऐस लेकर निकल रही है। वही पूरी तरह से ओवर लोड है। यहीं कारण है कि फ्लाईऐस एनएच 49 के जगह पर पर गिर रहा है। वहीं यह बताया कि एनएच 49 मुख्य मार्ग रेंगालपाली से रायगढ़ तक पांच हाई स्कूल है। यहां रोजाना मुख्य मार्ग में रायगढ़ छात्र-छात्राएं पढऩे जाते हैं और आस-पास के सभी गांव के कृषक लोग रोजाना रायगढ़ सब्जी मंडी जाते हैं। इससे हमेशा दुर्घटना होने की संभावंना बनी रहती है। पूर्व में कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी है। मुख्य मार्ग पर फ्लाई एश की डस्ट जगह जगह पर गिरी पड़ी रहती है जिससे राहगीरों की आंखों में पडऩे से उनकी देखने की क्षमता कम हो रही है। इससे दुर्घटना की संभावना हमेशा बनी रहती है एवं क्षेत्र में पर्यावरण, वातावरण दूषित हो रही है और गांवों के तालाब (जलाशय) में फ्लाई एश की परत जमी रहती है अभी भी 80 प्रतिशत गांवों तालाबों के पानी पर निर्भर हैं।आस-पास के ग्रामीणों द्वारा पूर्व में कई बार गाडिय़ों को रोककर चक्काजाम किया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई भी ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। ना ही किसी प्रकार का कोई प्रतिबंधित लगाया गया है।
फ्लाईएश उडऩे के कारण फसल एवं सब्जी के उत्पादन की क्षमता में कमी आ चुकी है। ऐसे में यह कहा गया है कि एनटीपीसी लारा को निर्देशित करें फ्लाई एश की डंप यार्ड से वाहनों को ओवर लोडिंग देना ही बंद कर दे और उक्त बिन्दुओं पर विचार करते हुए सबंधित विभागों को रोकथाम एवं ठोस कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।

