- बैग पाकर बच्चों ने कहा – अब रोज स्कूल आऊँगा और खूब पढ़कर डॉक्टर बनूँगा

रामानुजनगर – शिक्षा को प्रोत्साहित करने और जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन द्वारा प्राथमिक शाला पतरापाली, प्राथमिक शाला अहीरपारा, प्राथमिक शाला छापरपारा एवं शासकीय प्राथमिक शाला खालपारा के 108 जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को निःशुल्क स्कूल बैग वितरित किए गए। स्कूल बैग पाकर नन्हे-मुन्ने बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उनके उत्साह और मुस्कान ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। बैग वितरण के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। अब तक किताबें हाथों में या पॉलीथीन में रखकर स्कूल आने वाले बच्चों को जब अपना स्कूल बैग मिला तो उनकी खुशी देखते ही बन रही थी। एक बच्चे ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “मुझे बैग मिल गया, अब मैं रोज स्कूल आऊँगा और खूब पढ़कर डॉक्टर बनूँगा।” बच्चों ने अदाणी फाउंडेशन को प्यार से ‘थैंक्यू’ कहकर अपना आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर बैग वितरण कर रहे अनिल जायसवाल ने कहा कि कई बार जरूरतमंद बच्चों के पास किताबें तो होती हैं, लेकिन उन्हें सुरक्षित रखने के लिए स्कूल बैग नहीं होता। ऐसे में बच्चे पॉलीथीन या अन्य साधनों से किताबें लेकर विद्यालय आने को मजबूर होते हैं। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए अदाणी फाउंडेशन ने जरूरतमंद बच्चों को स्कूल बैग उपलब्ध कराने की पहल की है। फाउंडेशन आगे भी ऐसे शासकीय विद्यालयों को चिह्नित कर जरूरतमंद बच्चों की मदद करने का प्रयास करेगा, ताकि उनकी पढ़ाई के प्रति रुचि और उत्साह बढ़े। स्थानीय ग्रामीणों ने अदाणी फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सहयोग से बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन मिलता है। साथ ही उनमें नियमित विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ने और अपने परिवार एवं विद्यालय का नाम रोशन करने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में संकुल समन्वयक योगेश साहू, प्रधान पाठक के.के. यादव, कर्मेन्द्र सिंह, पी पी कुजूर, सोहन सिंह, उर्मिला सिंह, अनीता सिंह, रघुनाथ जायसवाल, अजय साहू, प्रवीणा, आरती पटेल, अंजली कंवर सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








