नई दिल्ली| देशभर में मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. हालांकि, मौसम में आई ये तब्दीली किसानों के लिए काफी दिक्कतें पैदा कर रही है. उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में आम और लीची जैसी फसलों पर बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की बुरी मार पड़ी है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों तक इन राज्यों में अभी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
बारिश से आम की फसल हो सकती है प्रभावित
बिहार और उत्तर प्रदेश के राज्यों में पिछले दो दिनों से झमाझम बारिश के साथ तेज हवाएं देखने को मिल रही हैं. कई हिस्सों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है. अगर मौसम की ये स्थिति जारी रही है तो पेड़ों पर लगे आम के फल के गिरने की संभावनाएं अधिक हैं. ऐसे में आम के उत्पादन में इस साल भारी गिरावट भी आ सकती है.
दिल्ली की नरेला मंडी में बारिश में भीगता हुआ अनाज
एशिया की सबसे बड़ी मंडी की बदइंतजामी की खुली पोल, बारिश में भीगता नजर आया अनाज
लीची की फसल पर पड़ सकता है असर
लीची की फसल के लिए बारिश फायदेमंद साबित हो सकती है. हालांकि, तेज हवाओं और ओलावृष्टि के चलते इस फसल को भारी नुकसान हो सकता है. बता दें इससे पहले हीटवेव के चलते लीची खेतों में सूख कर गिर रही थीं. किसान बढ़ते तापमान की वजह से चिंतित थे. तापमान गिरने से लीची के किसानों को राहत तो मिली थी, हालांकि, तेज हवाएं और ओलावृष्टि किसानों की चिंताएं बढ़ा सकती है.
सब्जियों की फसल पर नुकसान
तेज आंधी और बारिश से सब्जी की फसल को भी काफी नुकसान पहुंच सकता है. सबसे ज्यादा असर फूलगोभी, प्याज, लहसुन, टमाटर, मिर्च, बैंगन, कद्दू, लौकी और शिमला मिर्च जैसी सब्जियों को नुकसान पहुंच सकता है. इसके अलावा मक्का के साथ-साथ गेहूं की पछेती फसल और हाल ही में किसानों द्वारा बोई गई मूंग एवं उड़द की फसलें भी बारिश से प्रभावित हो सकती है. इसके अलावा कटी हुई फसल पर भी बारिश का खतरा मंडरा रहा है.
अगले कुछ दिन मौसम का ये है पूर्वानुमान
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक यूपी के दोनों जोन में आगामी 5 मई तक पश्चिमी विक्षोभ का असर रहने के कारण प्रदेश के तमाम इलाकों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की आशंका बनी रहेगी. इस दौरान 3 मई से मौसम की इन गतिविधियों में आंशिक सुधार आना शुरु होने की उम्मीद जताई गई है.

