

त्योहारों को ध्यान में रखते हुए आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की तारीख में बदलाव की मांग की है. आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर अपील की है कि दीपावली, लक्ष्मी-गणेश पूजा और छठ पूजा जैसे त्योहारों को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ चुनाव तिथि 17 नवंबर से बदलकर 25 नवंबर की जाए, ताकि मत प्रतिशत में बढ़ोतरी हो सके. राज्य में दो चरणों में वोटिंग होनी है. पहले चरण की वोटिंग 7 नवंबर और दूसरे चरण की वोटिंग 17 नवंबर निर्धारित है. नतीजे 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे.
दिल्ली और पंजाब में सरकार बनाने के बाद से ही आम आदमी पार्टी अपना विस्तार कर रही है. आप अब एक राष्ट्रीय दल बन चुका है. छत्तीसगढ़ के साथ ही वो मध्य प्रदेश और राजस्थान के विधानसभा चुनाव में भी उतर चुकी है. छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है. कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों ही राष्ट्रीय स्तर पर इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं. विधानसभा चुनाव में दोनों दलों के बीच गठबंधन नहीं हुआ है.
