
नौ सांप व 20 मिलीलीटर जहर बरामद
बिग बॉस ओटीटी-2 जीतने के बाद से सुर्खियों में आए यूट्यूबर एल्विश यादव विवादों में घिर गए हैं। एल्विश यादव समेत छह आरोपियों के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-49 में वन्य जीव अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। एल्विश यादव समेत सभी आरोपियों पर रेव पार्टी आयोजित कराने व उसमें सांपों के जहर की सप्लाई करने वाले गिरोह से जुड़े होने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में नामजद पांच लोगों को गिरफ्तार कर छानबीन कर रही है। एल्विश यादव को दिल्ली, हरियाणा और मुंबई में पुलिस की पांच टीमें तलाश कर रही हैं। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों के परिजन ने आरोपों को निराधार बताया है।

सांसद मेनका गांधी द्वारा संचालित संस्था पीपुल्स फार एनिमल (पीएफए) में एनिमल वेलफेयर में आफिसर के पद पर कार्यरत गौरव गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उन्होंने बताया कि एक ग्राहक बनकर उन्होंने यूट्यूबर एल्विश यादव को फोन कर रेव पार्टी आयोजित कराने की बात की और सांप का बंदोबस्त करने में मदद मांगी।
उसने बदरपुर निवासी एजेंट राहुल का नंबर दिया था। जिससे बातचीत के बाद 11 सांप पार्टी में लाने का सौदा 21 हजार रुपये में तय हुआ। राहुल (32) के अपने अन्य साथियों टीटूनाथ (45), जयकरन (50), नारायण (50) और रविनाथ (45) के साथ बताए गए स्थान सेक्टर-51 के सेवरॉन बैंकट हॉल पहुंचते ही पीएफए, वन विभाग और पुलिस की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनके पास सं कुल नौ सांप व 20 मिलीलीटर जहर बरामद हुआ है। जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को दी शिकायत में पीएफए के आफिसर गौरव गुप्ता ने पुलिस को बताया है कि एल्विश यादव नोएडा-एनसीआर के फार्म हाउसों में अन्य यूट्यूबर सदस्यों के साथ मिलकर स्नेक वेनम व जिंदा सांपों के साथ पूर्व में भी वीडियो शूट कराते हैं। यही नहीं गैर कानूनी रूप से रेव पार्टियों को आयोजित कराते हैं। जिनमें विदेशी युवतियों को बुलाकर स्नेक वेनम व नशीले पदार्थों का सेवन कराया जाता है। ये सारी जानकारी एजेंट राहुल से बातचीत के दौरान मिली है।
राहुल से बात के बाद पुलिस को दी सूचना
उन्होंने पुलिस को बताया कि वह एक व्यक्ति के माध्यम से आरोपी एल्विश यादव से पार्टी के लिए बात की थी। जिसके बाद उसने एजेंट राहुल का नंबर दिया उनका नाम लेकर बात करने के लिए कहा। राहुल से संपर्क कर पार्टी आयोजित करने के लिए बुलाकर इसकी जानकारी वन विभाग और लोकल पुलिस को दे दी गई। दो नवंबर को सेक्टर-51 स्थित सेवरोन बैंक्वेट हाल में आरोपी राहुल अपने साथियों के साथ 9 सांप और जहर की एक शीशी लेकर पहुंच गया।
ग्राहक बने पीएफए सदस्य गौरव ने सांप देखने की इच्छा जताई। जिसके बाद राहुल ने सांप का पिटारा खोल कर सामने रख दिया। जिसमें पांच कोबरा, एक अजगर, एक घोड़ा पछाड़ और दो दोमुंहा सांप शामिल थे। तभी वन विभाग और पुलिस की टीम ने सभी आरोपियों बदरपुर निवासी राहुल, टीटूनाथ, जयकरन, नारायण और रविनाथ को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 20 मिलीलीटर स्नेक वेनम भी बरामद हुआ।
नोएडा के प्रभारी डीसीपी (एंटी-नारकोटिक्स सेल) रामबदन सिंह का कहना है कि मामला वन्यजीव संरक्षण अधिनियम से जुड़ा हुआ है। पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एल्विश यादव समेत छह नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एल्विश यादव की गिरोह से संलिप्तता की जांच की जा रही है।
