
विराट ने इस विश्व कप में अब तक 85 रन, नाबाद 55 रन, 16 रन, नाबाद 103 रन, 95 रन, शून्य, 88 रन और 101* रन की पारियां खेली हैं। आज शतक लगाकर कोहली वनडे में जन्मदिन पर शतक लगाने वाले सातवें खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले टॉम लाथम, रॉस टेलर, सनथ जयसूर्या, मिचेल मार्श, सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली पहले ऐसा कर चुके हैं। रॉस टेलर, मिचेल मार्श और कोहली ने ऐसा विश्व कप के मैचों में किया है। इस साल वनडे में विराट के रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने 24 मैच की 21 पारियों में करीब 72 की औसत से 1155 रन बना लिए हैं। इनमें पांच शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। नाबाद 166 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है। विराट का इस विश्व कप में रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। वह आठ मैचों की आठ पारियों में करीब 108 की औसत से 543 रन बना चुके हैं। इनमें दो शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं।
पिछले कुछ मौकों पर वह शतक लगाने से चूक गए थे। हालांकि, इस मैच में विराट ने शतक लगाकर फैंस को जश्न मनाने का मौका दे दिया। विराट ने अब तक वनडे में 289 मैचों की 277 पारियों में करीब 58 के शानदार औसत से 13,626 रन बनाए हैं। इनमें 49 शतक और 70 अर्धशतक हैं। 183 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विराट का रिकॉर्ड
विराट का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रिकॉर्ड अच्छा रहा है। इस टीम के खिलाफ 31 वनडे की 29 पारियों में उन्होंने करीब 65 की औसत से 1504 रन बनाए हैं। इनमें पांच शतक और आठ अर्धशतक शामिल है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे में विराट का सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 160 रन है। हालांकि, इस टीम के खिलाफ वह वनडे में कभी ईडन गार्डेन्स में पहले नहीं खेले थे।
अब उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में पहला वनडे खेलकर शतक जड़ा। विराट का ईडन गार्डेन्स में अच्छा रिकॉर्ड है और वह वनडे में भारतीय बल्लेबाजों में इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में दूसरे स्थान पर हैं। विराट ने यहां आठ मैचों की आठ पारियों में करीब 61 की औसत से 431 रन बनाए हैं। इसमें दो शतक और तीन अर्धशतक शामिल है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय पिच पर रिकॉर्ड
तीनों फॉर्मेट मिलाकर विराट ने ईडन गार्डेन्स पर 17 मैच खेले हैं। इसकी 20 पारियों में करीब 52 की औसत से 893 रन बनाए हैं। इनमें चार शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय पिचों पर विराट का रिकॉर्ड भी शानदार है। इस टीम के खिलाफ भारत में उन्होंने 10 मैचों की नौ पारियों में करीब 54 की औसत से 435 रन बनाए हैं। इसमें दो शतक और दो अर्धशतक शामिल है।








