

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी प्रचार-प्रसार का नया-नया तरीका अपना रहे हैं। अपने अनोखे अंदाज से मतदाताओं को प्रभावित करने में लगे हैं। इसी कड़ी में रायपुर उत्तर से बीजेपी प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा ने भी नया तरीका अपनाकर लोगों को चकित कर दिया। वे रिक्शा चलाते हुए लोगों से मिलने पहुंचे। उनके इस नए अंदाज को लोग देखते ही रह गए।
रायपुर उत्तर से कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप जुनेजा के स्कूटर से घूमने और प्रचार करने के अंदाज पर उनका ये जवाबी तरीका माना जा रहा है। जनता का मर्म टटोलने के सिलसिले में ही उन्होंने राजातालाब की गलियों में रिक्शा चलाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रिक्शा चलाने वाले भाइयों का स्नेह मुझे उनके बीच खींच लाया है। कटाक्ष करते हुए कहा कि स्कूटर में चलने की बात कहकर नेतागिरी करने वाले उत्तर विधानसभा क्षेत्र के मौजूदा विधायक ने इस वार्ड की दुर्गति कर दी है। सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। इस वजह से रिक्शे से ही चला जा सकता है। मेरे उड़िया समाज के लोग ज्यादातर शहर में रिक्शा चलाकर ही अपना जीवन-यापन करते हैं। दावा करते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद भी मैं विधानसभा क्षेत्र में रिक्शे से ही चलूंगा। रायपुर उत्तर विधानसभा के सभी मोहल्लों की गलियों और सड़कों को सुधारना मेरी प्राथमिकता रहेगी। रायपुर उत्तर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।

