

रायपुर, 10 दिसंबर। छत्तीसगढ़ में नव नियुक्त सीएम विष्णुदेव साय का शपथ ग्रहण समारोह 13 दिसंबर को साइंस कॉलेज मैदान में होगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। इनके साथ ही सभी भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। इस दिन विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, वहीं मंत्रिमंडल की भी शपथ हो सकती है।
इसके पहले छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने भारतीय जनता पार्टी के नामित मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को राज्य में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। राजभवन ने रविवार को यह जानकारी दी।राजभवन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने रविवार को राज्यपाल को एक पत्र सौंपा जिसमें कहा गया कि पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों ने साय को भाजपा विधायक दल का नेता चुना है। भाजपा ने राज्य में सरकार बनाने का दावा प्रस्तुत किया है।
