
सितंबर से आवंटन नहीं आने के कारण काम कर रही महिला स्वसहायता समूह की महिलाएं व रसोइयों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों को जैसे-तैसे उधार लेकर भोजन खिला रहे हैं, लेकिन खुद आर्थिक संकट से जूझ रही हैं। आवंटन की मांग मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की है।

बच्चों की थाली से अचार-पापड़ गायब
बालोद. जिले के प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों में जल्द मध्याह्न भोजन बंद हो सकता है। वहीं राशि के अभाव में बच्चों की थाली से अचार, पापड़ भी गायब हो गए हैं। इसकी वजह है चार माह से सरकार की ओर से मध्याह्न भोजन संचालन समूह को कुकिंग कास्ट की राशि का भुगतान नहीं करना है।
रसोइयों को चार माह से नहीं मिला मानदेय
मध्याह्न भोजन बनाने वाले रसोइयों को भी चार माह से मानदेय नहीं मिला है। आने वाले दिनों में संचालक समूह व रसोइया बैठक लेकर बड़ा निर्णय ले सकते हैं। हालांकि इन संगठनों ने गुरुवार को जिला स्तरीय बैठक लेने की बात कही है। जिला शिक्षा विभाग ने शासन को पत्र लिखने की बात कही है। जल्द मानदेय व कुकिंग कास्ट की राशि नहीं मिली तो बच्चे घर से टिफिन लाने मजबूर हो जाएंगे।
लचर व्यवस्था से परेशान हैं रसोइया व समूह
समूह समय पर कुकिंग कास्ट की राशि व रसोइया मानदेय नहीं मिलने से परेशान हैं। उधार लेकर बच्चों के लिए भोजन बना रहे हैं। समय-समय पर समूह व रसोइयों ने शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर वेतन वृद्धि, कुकिंग कास्ट की राशि दिलाने की मांग की है।
सितंबर से नहीं आया है आवंटन
सितंबर से आवंटन नहीं आने के कारण काम कर रही महिला स्वसहायता समूह की महिलाएं व रसोइयों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों को जैसे-तैसे उधार लेकर भोजन खिला रहे हैं, लेकिन खुद आर्थिक संकट से जूझ रही हैं। आवंटन की मांग मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की है।
कितनी मिलती है कुकिंग कास्ट की राशि
जिले के प्राथमिक स्कूलों में मध्याह्न भोजन के लिए प्रत्येक छात्र 5.40 रुपए की दर से कुकिंग कास्ट प्रति माह जारी किया जाता है। इसी तरह यह राशि मिडिल स्कूल में प्रति छात्र 7.40 रुपए जारी किए जाते हैं। मध्याह्न भोजन के लिए चावल पीडीएस से मिल जाता है। इसके अलावा कुकिंग पर आने वाले व्यय के लिए राशि जारी की जाती है। कुकिंग कास्ट की राशि से ही साफ-सफाई, ईंधन, दाल, सब्जी, तेल नमक व अन्य पर व्यय किया जाता है।
जिले में मध्याह्न भोजन की व्यवस्था
कुल रसोइया 2553
प्राथमिक स्कूल 817
माध्यमिक स्कूल 409
भोजन बनाना या नहीं, बैठक में तय होगा
रसोइया संघ के जिला संरक्षक प्रमोद यादव ने बताया कि रसोइयों को चार माह से मानदेय एवं कुकिंग कास्ट की राशि नहीं मिलने पर गुरुवार को जिला स्तरीय बैठक होगी। बैठक में ही मध्याह्न भोजन बनाने और नहीं बनाने पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भरी दिवाली में रसोइयों के हाथ खाली रहे।
राज्य शासन से आवंटन आने के बाद भुगतान
बालोद डीईओ मुकुल केपी साव ने कहा कि राज्य कार्यालय से ही अभी आवंटन नहीं मिला है। हमने भी शासन को मांग पत्र भेजा है। शासन से आवंटन आएगा तो तत्काल भुगतान किया जाएगा।
