

छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन साल 2023-24 के तहत एक नवंबर 2023 से धान खरीदी जारी है। राज्य सरकार की संकल्प पत्र के अनुसार, किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल की मान की दर से धान की खरीदी की जा रही है। राज्य सरकार की ओर से अब तक किसानों से 66.78 लाख मीट्रिक धान की खरीदी की गई है। धान के एवज में किसानों को 15 हजार 213 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया गया है।
राज्य शासन की ओर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का आदेश जारी कर दिया गया है। ऐसे किसान जो पिछले साल की निर्धारित मात्रा के अनुरूप धान बेच चुके हैं, वे किसान शेष मात्रा 31 जनवरी तक प्रति एकड़ 21 क्विंटल की दर से बेच सकेंगे। खरीफ विपणन साल 2022-23 में राज्य के किसानों से प्रति एकड़ 15 क्विंटल कॉमन धान की 2040 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य की दर से किए जाने के साथ ही उन्हें प्रति एकड़ 9 हजार रुपये की इनपुट सब्सिडी दी गई, जिसे मिलाकर अधिकतम 39 हजार 600 रुपये का भुगतान होता था। इस साल 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होने से किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचने पर 65 हजार 100 रुपये मिलेगा। इस प्रकार देखा जाए तो इस साल धान बेचने पर किसानों को पिछले साल की तुलना में 25 हजार 500 रुपये का अतिरिक्त लाभ होगा।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में समर्थन मूल्य पर अब तक 13 लाख 97 हजार 772 किसानों से 66 लाख 77 हजार 965 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके एवज में किसानों को 15 हजार 213 करोड़ रूपए से अधिक राशि का भुगतान बैंक लिंकिंग व्यवस्था के तहत किया गया है। धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मिलिंग के लिए निरंतर धान का उठाव जारी है। अब तक 58 लाख 35 हजार मीट्रिक टन धान के उठाव के लिए डीओ जारी किया गया है। जिसके विरूद्ध में मिलर्स द्वारा 43 लाख 35 हजार मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है। इस साल राज्य में 130 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी अनुमानित है।
उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा आज यहां सबेरे राजधानी रायपुर के श्री नारायणा अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने नवंबर दिसंबर माह में बस्तर इलाके में आईईडी ब्लास्ट में घायल जवानों से मिले ।उनका हाल-चाल जाना और शीघ्र स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर आरंग के विधायक गुरु खुशवंत साहेब ,डीजीपी श्री अशोक जुनेजा, पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवम हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित थे।
