

छत्तीसगढ़ की भारतीय जनता पार्टी सरकार हर साल 20 हजार लोगों को श्री रामलला के दर्शन कराएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में रायपुर में 10 जनवरी को हुई कैबिनेट की बैठक में यह महत्त्वपूर्ण लिया गया। सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को एक- एक कर के पूरा किया जाएगा। बता दें कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में नवनिर्मित भव्य राम मंदिर में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होने जा रही है।
साय कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ वासियों की राम लला के दर्शन की इच्छा को पूरा करने के लिए श्री अयोध्या धाम दर्शन योजना को मंजूरी दी। इस योजना का क्रियान्वयन छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा तथा बजट पर्यटन विभाग द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। यात्रा के लिए भारतीय रेलवे केटरिंग एवं टूरिज्म कार्पोरेशन (आईआरसीटीसी) के साथ छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा एमओयू किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के मूल निवासी, 18 से 75 आयु वर्ग के जो जिला मेडिकल बोर्ड द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण में सक्षम पाए जाएंगे, उन्हें यात्रा की पात्रता होगी। दिव्यांगजनों के साथ यथासंभव उनके परिवार से कोई एक सदस्य इस यात्रा में जा सकेंगे। प्रथम चरण में 55 वर्ष से ऊपर के लोगों को यह सुविधा उपलब्ध होगी। इसके बाद अन्य आयुवर्ग के लोगों को भी यह सुविधा दी जाएगी।
राममंदिर अयोध्या दर्शन के लिए छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले में कलेक्टर की अध्यक्षता में श्री रामलला दर्शन समिति बनाई जाएगी। प्रत्येक समिति द्वारा अनुपातिक कोटा के अनुसार हितग्राहियों का चयन किया जाएगा। हितग्राहियों को उनके निवास से निर्धारित रेलवे स्टेशन तक लाने एवं वापस ले जाने की व्यवस्था संबंधित जिला कलेक्टर द्वारा की जाएगी। इसके लिए उन्हें बजट उपलब्ध कराया जाएगा। प्रत्येक जिले से तीर्थ यात्रियों के साथ एक सक्षम शासकीय अधिकारी अथवा एक छोटा दल भेजा जाएगा। तीर्थयात्री दुर्ग-रायपुर, रायगढ़ एवं अंबिकापुर से रेल द्वारा गन्तव्य स्थल के लिए रवाना होंगे।
छत्तीसगढ़ कैबिनेट की बैठक में डिप्टी सीएम द्वय अरुण साव व विजय शर्मा, धर्मस्व व पर्यटन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, वन मंत्री केदार कश्यप, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, खेल मंत्री टंकराम वर्मा और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े शामिल हुईं।
