

छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब जहरीले सर्प ने मां बेटे को डस लिया। दोनों को गंभीर अवस्था में सीधे सिम्स बिलासपुर ले गए। जहां दोनों की मौत हो गई। इस दुखद घटना से बोरसी गांव में मातम पसर गया है। यह पूरा मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र के बोरसी गांव (Snake Bite Case) का है। पुलिस के अनुसार बोरसी गांव में पूजा कुर्रे अपने छह साल के बेटे आर्यन को लेकर रविवार की रात बिस्तर में सोई थी। इसी दौरान बिस्तर में एक जहरीला सर्प भी था।सर्प ने पहले मासूम बच्चे आर्यन को डसा। इसकी भनक लगते ही महिला पूजा कुर्रे सर्प को भगाने की कोशिश की। इतना ही नहीं वह सर्प को भगाने के लिए जान जोखिम में डालकर सर्प से संघर्ष करती रही। इसी दौरान सर्प ने महिला को भी डस दिया। दोनों की हालत बिगड़ती गई। पूजा ने इस दौरान आसपास के लोगों को चिल्लाकर बुलाई। तब मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और एंबुलेंस के माध्यम से सिम्स बिलासपुर में भर्ती कराए।
CG Snake Bite: रात को इलाज के दौरान दोनों के शरीर में जहर इस कदर फैल गया था कि पहले मां पूजा कुर्रे ने दम तोड़ दिया। फिर सोमवार की सुबह बेटे आर्यन की भी इलाज (Snake Bite) के दौरान मौत हो गई। दोनों की मौत की खबर सिम्स पुलिस को मिली। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
