लखनपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चैनपुर में ग्रामीणों के निवाला पर डाका डाला गया। यहां के ग्रामीणों ने 136 क्विंटल चावल की हेराफेरी का आरोप स्व सहायता समूह पर लगाया है। यहां पर उचित मूल्य दुकान का संचालन सामाजिक सुरक्षा महिला स्व सहायता समूह चैनपुर के द्वारा किया जाता है। गाँव के कृष्णा, सज्जन दास महंत, मनी बाई ने आरोप लगाते बताया कि अप्रैल में शासन द्वारा एक साथ दो माह का चावल गिरवाया गया, पर दुकान संचालक के द्वारा लगभग 542 राशन कार्डधारियों से चावल वितरण फिंगर मशीन पर एक साथ दो माह चावल वितरण हेतु अंगूठा लगवाया गया, पर 97 हितग्राहियों को छोड़ कर बाकी को एक माह का ही चावल दिया गया और एक माह का चावल 136 क्विंटल की हेराफेरी की गई। अभी मई में तो चावल दिया जा रहा है पर जून माह की आवंटित चावल का वितरण दुकान संचालक द्वारा किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि संचालनकर्ताओ की मनमाना रवैया परेशान कर दिया है। चावल समय पर नहीं देना, चना शक्कर वितरण में मूल्य से अधिक पैसा लेना तो कभी चना की जगह पर बाल्टी देना और राशनकार्डधारियों से अभद्र पूर्ण व्यवहार करना। इस संबंध में खाद्य अधिकारी से बात करने और मोबाइल नंबर मांगने पर ग्रामीणों से अभद्र पूर्ण व्यहवार किया गया। गाँव के कृष्णा, सज्जन दास महंत, मनी बाई ने शासन-प्रशासन से मांग है कि 136 क्विंटल चावल की गड़बड़ी हुई है, उस पर जांच करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की जाए और गरीबों के हक का चावल गरीबों को मिलना चाहिए।
