रायपुर। Raipur News: चिकित्सा शिक्षा विभाग की बैठक में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने जनहित में फैसला लेते हुए ओपीडी की व्यवस्था में बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत राज्य के सभी मेडिकल कालेज अस्पतालों में ओपीडी का समय सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे कर दिया गया है। इलाज के लिए सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक पंजीयन कराया जा सकेगा। स्वास्थ्य मंत्री ने व्यवस्था को शुक्रवार से ही लागू करने के निर्देश दिए हैं। इधर चिकित्सा प्राध्यापक एसोसिएशन ने विरोध करते हुए फैसले को अव्यवहारिक कहा है।
बता दें राज्य के सभी मेडिकल कालेज में अब तक सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक ओपीडी सेवाएं चल रही है। मेडिकल कालेज अस्पतालों में समय पर ओपीडी संचालन नहीं होने की शिकायतें लगातार सामने आती रही है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने समीक्षा बैठक में ओपीडी की व्यवस्था सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक करने पर मुहर लगा दिया है। इस फैसले में चिकित्सा शिक्षा विभाग के संचालक समेत मेडिकल कालेजों के डीनों ने सहमति जताई है।

